

पानीहाटी : पानीहाटी नगरपालिका के 15 नंबर वार्ड के कई इलाकों में अब भी जलजमाव बना हुआ है जिसको लेकर गुरुवार को इलाके के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच जब स्थानीय पार्षद अर्पिता चक्रवर्ती वहां पहुंचीं तो लोगों ने उन्हें और उनके बड़े भाई का घेराव कर क्षोभ जताया। उन्होंने पार्षद से कहा कि सालों से वे लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं। जल जमाव से यहां बीमारियां फैल रही हैं। उन्होंने पार्षद से समस्या का अविलंब समाधान करने की मांग की। साथ ही कहा कि जल जमाव के बीच ही यहां सड़क की जर्जर अवस्था दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों के विरोध प्रदर्शन की खबर पाकर पालिका के वाइस चेयरमैन सुभाष चक्रवर्ती मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय निवासियों को आश्वासन दिया कि इलाके से पंप के जरिये दमा पानी को निकाल दिया जायेगा। साथ ही जल्द यहां सड़क मरम्मत का काम भी शुरू होगा। उनके आश्वासन के बाद लोगों ने विरोध-प्रदर्शन समाप्त किया।