'जनता दरबार' शिकायतें लेकर पहुंचे लोग, सीएम ने दिया आश्वासन

 'जनता दरबार' शिकायतें लेकर पहुंचे लोग, सीएम ने दिया आश्वासन
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को अपना साप्ताहिक ‘जनता दरबार’ लगाया, जिसमें नौकरी चाहने वाले, पेशेवर और आम नागरिक बड़ी संख्या में अपनी शिकायतें सीधे उनके सामने रखने के लिए पहुंचे। इनमें नदिया जिले के कृष्णानगर निवासी वह महिला भी शामिल थी जिसने आरोप लगाया कि उनकी बेटी से बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी और अक्टूबर 2024 में तेजाब डालकर उसका शव जला दिया गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला बताकर टालने की कोशिश की थी। पीड़ित महिला ने कहा कि परिवार कानूनी दखल के बाद ही प्राथमिकी दर्ज करा सका, लेकिन जांच में ‘बहुत कम प्रगति’ हुई। महिला ने याद किया कि घटना के बाद अधिकारी (जो तब प्रतिपक्ष के नेता थे) उनके घर पहुंचे थे और परिवार के सदस्यों को मदद का भरोसा दिलाया था। अब जब शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री हैं, तो मृतका की मां ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आखिरकार न्याय मिलेगा।

विधायक पर लगा आरोप

जमीन हड़पने से लेकर सरकारी सेवा के लाभ न मिलने तक की शिकायतों वाले कई अन्य लोग अधिकारी के ‘जनता दरबार’ में उनसे मिलने का इंतजार कर रहे थे। जन सुनवाई में एक और महिला ने जाधवपुर से भाजपा विधायक शर्बरी मुखर्जी पर आरोप लगाया कि वह उसकी साड़ी और कपड़ों की दुकान पर जबरदस्ती कब्जा कराने में मदद कर रही हैं। महिला का कहना था कि वह यह दुकान पिछले 30 सालों से चला रही थीं। महिला ने आरोप लगाया कि 12 जून की रात को विधायक के दो साथियों ने दुकान को तोड़ दिया और उस पर कब्जा कर लिया। महिला का कहना था कि भले ही मुखर्जी उस समय मौके पर मौजूद नहीं थीं, लेकिन यह कब्जा उनके समर्थकों ने ही किया था। महिला के अनुसार सीएम ने उनके दिए गए दस्तावेजों की जांच की और उन्हें भरोसा दिलाया कि किसी को भी उनकी दुकान पर जबरदस्ती कब्जा नहीं करने दिया जाएगा।

विधायक ने बताया आरोप गलत, कोई दखलदारी नहीं हुई

जादवपुर की विधायक शर्बरी मुखर्जी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना है, ‘‘शिकायत करने वाली महिला पूरी तरह झूठ बोल रही हैं। वह लंबे समय से सब-टेनेंट के रूप में अवैध तरीके से दुकान पर कब्जा किए हुए हैं। जब मूल दुकान मालिक ने मुझसे मदद मांगी, उनसे दुकान खाली करने का अनुरोध किया। किसी तरह की जबरन कब्जेदारी या अवैध कब्जे की घटना नहीं हुई है।वह महिला मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रही है। ’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘भाजपा राज्य में लोगों को न्याय दिलाने के लिए सत्ता में आई है, कब्जेदारी को बढ़ावा देने के लिए नहीं। मुझे मुख्यमंत्री पर पूरा भरोसा है। यदि वह इस मामले में जानकारी मांगेंगे, तो मैं उनके सामने सभी तथ्य और सबूत प्रस्तुत करूंगी।’’

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in