पूर्व विधायकों की पेंशन जल्द होगी दोगुनी

न्यूनतम 12 और अधिकतम 25 हजार तक मिलेगी राशि
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
Published on

कोलकाता : राज्य के पूर्व विधायकों की लंबे समय से चली आ रही पेंशन बढ़ाने की मांग अब पूरी होने की राह पर है। शुभेंदु सरकार ने पूर्व विधायकों की पेंशन लगभग दोगुनी करने का फैसला किया है। फिलहाल बंगाल में पूर्व विधायकों को 8 से 12 हजार रुपये मासिक पेंशन मिलती है। इसके साथ 6 हजार रुपये चिकित्सा भत्ता दिया जाता है।

सूत्रों के अनुसार, अब न्यूनतम पेंशन 12 हजार और अधिकतम 25 हजार रुपये करने का प्रस्ताव है। चिकित्सा भत्ते के रूप में मिलने वाले 6 हजार रुपये को पहले की तरह जारी रखा जाएगा। इसके अलावा अन्य सुविधाएं बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र में पूर्व विधायकों को 50 से 70 हजार, झारखंड में 40 से 75 हजार रुपये तक पेंशन मिलती है।

बंगाल के पूर्व विधायक लंबे समय से पेंशन बढ़ाने की मांग कर रहे थे। परिषदीय मंत्री शंकर घोष ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इस मुद्दे को लेकर संवेदनशील हैं। उन्होंने बताया कि पेंशन बढ़ाने का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेज दिया गया है। चूंकि यह कानूनी विषय है, इसलिए आगे विधेयक लाया जाएगा।

वहीं, विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि उन्होंने पहले ही मुख्यमंत्री से इस संबंध में आग्रह किया था और प्रस्ताव लागू होने पर उन्हें खुशी होगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in