

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की वरिष्ठ अधिकारी नीलम मीणा ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की नई मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के रूप में पदभार ग्रहण किया। राज्य निर्वाचन विभाग के मुख्यालय में आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम में उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव एवं निवर्तमान मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और औपचारिक रूप से पदभार सौंपा।
वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मनोज अग्रवाल ने नीलम मीणा को निर्वाचन संबंधी विभिन्न कार्यों, आगामी कार्यक्रमों और विभाग की प्राथमिकताओं की जानकारी दी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में राज्य में निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा सुचारु बनाया जाएगा। नीलम मीणा ने नई जिम्मेदारी मिलने पर निर्वाचन आयोग और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
पारदर्शी चुनाव कराना प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना निर्वाचन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा मतदाता जागरूकता, चुनावी प्रक्रियाओं के आधुनिकीकरण और निर्वाचन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में नीलम मीणा की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब राज्य में निर्वाचन संबंधी तैयारियों और मतदाता सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही निर्वाचन विभाग के प्रशासनिक नेतृत्व में एक नया अध्याय शुरू हो गया है।