ड्रग्स तस्करों पर NCB की बड़ी कार्रवाई, 2025 में करोड़ों की संपत्ति जब्त

2026 के लिए सख्त एक्शन का रोडमैप तैयार
ड्रग्स तस्करों पर NCB की बड़ी कार्रवाई, 2025 में करोड़ों की संपत्ति जब्त
Published on

देशभर में ड्रग्स नेटवर्क पर कड़ा प्रहार

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने वर्ष 2025 में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ देशभर में व्यापक अभियान चलाकर तस्करों के नेटवर्क और उनकी आर्थिक ताकत पर बड़ा प्रहार किया है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, एजेंसी ने न सिर्फ बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ जब्त किये, बल्कि ड्रग्स तस्करों की करोड़ों रुपये की संपत्ति भी फ्रीज की है जिससे गिरफ्तारी और सजा के मामलों में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

भारी मात्रा में ड्रग्स जब्त

NCB के मुताबिक वर्ष 2025 में कुल 1.33 लाख किलोग्राम ड्रग्स जब्त की गयी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2,000 करोड़ रुपये है। सिर्फ जब्ती ही नहीं, बल्कि सप्लाई चेन तोड़ने के लिए एजेंसी ने कार्रवाई के तहत 77,000 किलोग्राम ड्रग्स नष्ट भी की। नष्ट किये गये इन नशीले पदार्थों की कीमत लगभग 3,889 करोड़ आंकी गई है। यह कदम भविष्य में अवैध बाजार में दोबारा पहुंच रोकने की रणनीति का हिस्सा है।

ड्रग्स मामलों में 30% सजा

ड्रग्स तस्करी से जुड़े मामलों में NCB ने साल भर में 994 तस्करों को गिरफ्तार किया। जांच और ट्रायल के बाद अब तक 265 अभियुक्तों को दोषी करार दिया जा चुका है। कुल मामलों के मुकाबले यह कन्विक्शन रेट करीब 30% के आसपास है, जिसे एजेंसी के लिए मजबूत कानूनी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि साक्ष्य आधारित जांच और डिजिटल ट्रैकिंग से केस मजबूत हो रहे हैं।

करोड़ों की संपत्ति पर शिकंजा

ड्रग्स तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए NCB ने “फॉलो द मनी” रणनीति पर काम तेज किया है। वर्ष 2025 में तस्करी से जुड़े लोगों की 96.69 करोड़ की संपत्ति फ्रीज की गई। इसमें बैंक खाते, चल-अचल संपत्ति और अन्य वित्तीय निवेश शामिल हैं। एजेंसी का फोकस अब सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, बल्कि अवैध कमाई के पूरे ढांचे को खत्म करने पर है। NCB ने आने वाले समय के लिए नया एक्शन रोडमैप भी तैयार किया है। इसमें अंतरराष्ट्रीय रूट, छोटे एयरपोर्ट, सीमा क्षेत्र और नये ट्रांजिट पॉइंट पर कड़ी निगरानी शामिल है। एजेंसी का कहना है कि 2026 में भी ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान और तेज होगा, ताकि नेटवर्क को जड़ से कमजोर किया जा सके।

वर्ष 2025 में NCB की कार्रवाई एक नजर में

कुल ड्रग्स जब्त : 1.33 लाख किलोग्राम

जब्त ड्रग्स की कीमत : 2,000 करोड़

गिरफ्तार तस्कर : 994

दोषी करार तस्कर : 265

नष्ट की गयी ड्रग्स : 77,000 किलोग्राम

नष्ट ड्रग्स की कीमत : 3,889 करोड़

फ्रीज संपत्ति : 96.69 करोड़

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in