

सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी में रामकृष्ण मोड़ के पास व्यस्त आरबीसी रोड पर स्थित करीब 60 साल पुराने एक पंजाबी होटल को कथित तौर पर रात के अंधेरे में बुलडोजर से ढहा दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर इलाके में तनाव फैल गया। स्थानीय के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी होटल तोड़े जाने का विरोध करते हुए दोषियों के फ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, हरविंदर सिंह उर्फ बिल्ला और उनकी बहन मनजीत सिंह पिछले करीब छह दशक से इस होटल का संचालन कर रहे थे। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले एक दुर्घटना में हरविंदर सिंह घायल हो गए थे और फिलहाल बिस्तर पर हैं। इसी दौरान रातोंरात होटल को बुलडोजर से ढहा दिए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जमीन मालिक राहुल साव, आदित्य साव और रामजी साव ने उन्हें होटल से हटाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई करवाई। परिवार ने इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से हस्तक्षेप करने और न्याय दिलाने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने होटल तोड़े जाने पर विरोध जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने आशंका जताई कि इस घटना के पीछे प्रमोटर गिरोह का हाथ हो सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पार्टी से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। फिलहाल, परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से मामले में की गई कार्रवाई और होटल तोड़े जाने के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।