

नयी दिल्ली : मदर डेयरी ने बढ़ती लागत के कारण दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। नयी दरें गुरुवार से लागू होंगी।
दिल्ली-NCR में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई, 2026 को कीमतें बढ़ायी थीं। उससे पहले अप्रैल, 2025 में कीमतों में संशोधन किया गया था। मदर डेयरी के प्रवक्ता ने हालांकि इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि किसानों से दूध की खरीद की कीमतें बढ़ गयी हैं जिसके कारण कंपनी को लागत में हुई वृद्धि का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है। मदर डेयरी दूध की बिक्री से होने वाली आय का 75-80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है। कंपनी दिल्ली-NCR बाजार में प्रतिदिन करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है।
कुल मिलाकर कंपनी प्रतिदिन 50 लाख लीटर से अधिक दूध बेचती है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में टोंड दूध (थोक वितरण) की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गयी है।
फुल क्रीम दूध (पाउच) की कीमत अब 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर होगी। टोंड दूध (पाउच) की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गयी है। डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर होगी। गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गयी है।