''पटाखों से बीमारियां ठीक'' होने वाले बयान पर विधायक ने दी सफाई

कहा : एक पुरानी कहावत है..., जब भी मैं कुछ कहती हूं, मेरे विरोधी उसे मुद्दा बना लेते हैं
''पटाखों से बीमारियां ठीक'' होने वाले बयान पर विधायक ने दी सफाई
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बीजेपी विधायक पापिया अधिकारी ने सोमवार को पटाखे जलाने से कीटाणु और वायरस मरने संबंधी अपने बयान पर हो रही आलोचना के बाद अपना बचाव किया। उन्होंने कहा कि उनके बयान को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। उन्होंने अपने बयान पर सफाई दी और कहा कि अगर किसी को आघात पहुंचा है तो मैं इसके लिए माफी मांगती हूं। पापिया अधिकारी ने कहा, जब भी मैं कुछ कहती हूं, मेरे विरोधी उसे मुद्दा बना लेते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मेरा मतलब यह था कि दिवाली और काली पूजा की रात पटाखे जलाने से कीटाणु मर जाते हैं। हमारी दादी-नानी और बुजुर्ग पीढ़ियों से ऐसा बताते आए हैं। दीपक जलाने से बुरी शक्तियां दूर होती हैं। इन परंपराओं को लेकर हमारे पूर्वजों के समय से एक पुरानी कहावत चली आ रही है। मूल रूप से यह रोशनी का त्योहार है, दीपक जलाने का त्योहार है, जिसका उद्देश्य सामाजिक बुराइयों को खत्म करना है। पहले धार्मिक रीति-रिवाजों के माध्यम से ऐसी कई बुराइयों को दूर किया जाता था। लेकिन अब हम पटाखों के दौर में जी रहे हैं और विज्ञान ने भी काफी तरक्की कर ली है। ऐसे में शायद अब इस तरह की सोच उचित नहीं है। अगर मेरी बातों से किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं माफी मांगती हूं। लेकिन मेरा मूल विचार अब भी वही है कि सामाजिक बुराइयों को पहले भी खत्म किया जाता था और आज भी किया जा सकता है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News