

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : पश्चिम बंगाल के अशोकनगर के जाने-माने सूक्ष्म कलाकार (माइक्रो आर्टिस्ट) वासुदेव पाल ने अपनी असाधारण कला का परिचय देते हुए एक बादाम के छोटे से टुकड़े पर बेहद खूबसूरत और मनमोहक दुर्गा प्रतिमा बनाई है। इस सूक्ष्म कलाकृति में मां दुर्गा के साथ-साथ सिंह और महिषासुर के स्वरूप को भी बहुत ही बारीकी से उकेरा गया है। इस अनोखी कला के निर्माण की शुरुआत उन्होंने बादाम को पानी में भिगोकर और उसे बेहद सावधानी से आधा काटकर की। कटे हुए हिस्से को कुछ दिनों तक सुखाने के बाद उन्होंने रंगों और बारीक तुलिका (ब्रश) की मदद से इस लघु कैनवास पर देवी के मुख और शरीर के गठन को आकार देना शुरू किया।
छोटे से बादाम पर चित्रकारी करना और उसे जीवंत करना किसी चुनौती से कम नहीं था। जरा सा भी हाथ फिसलने या ब्रश का गलत इस्तेमाल होने से उनकी पूरी मेहनत खराब हो सकती थी, इसलिए वासुदेव को हर एक बारीक रेखा खींचते समय अत्यधिक सतर्कता बरतनी पड़ी। रंगों के सही संतुलन ने इस छोटी सी रचना में जान फूंक दी है। दुर्गा पूजा के ठीक पहले उनकी यह अनूठी कलाकृति हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। आपको बता दें कि इससे पहले वासुदेव मात्र 50 ग्राम दूध की सतह पर मां दुर्गा की तस्वीर बनाकर सभी को हैरान कर चुके हैं, और अब बादाम पर यह नई कृति उनकी अद्वितीय कला-दक्षता का एक और शानदार उदाहरण है।