

शिलांग : मेघालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बीडीआर तिवारी ने गुरुवार को बताया कि SIR के तहत नोटिस जारी किए गए मामलों में से 93.13 प्रतिशत का निपटारा किया जा चुका है। इसके साथ ही अब अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख बढ़ाकर 26 अक्टूबर कर दी गई है। अधिकारियों ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सुविधा के लिए घर-घर जाकर दस्तावेज एकत्र करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
BLO घर जाकर जुटाएंगे दस्तावेज
डॉ. तिवारी ने बताया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान जिन मतदाताओं के मामलों में ‘नो मैपिंग’ या लॉजिकल गड़बड़ी सामने आई है, उनके घर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) जाएंगे। BLO संबंधित मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उन्हें ECINet पर अपलोड करेंगे, ताकि इलेक्ट्रोल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) उनके आधार पर निर्णय ले सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामान्य तौर पर ऐसे मतदाताओं को ERO या AERO कार्यालय में उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सुनवाई केवल विशेष परिस्थितियों में आवश्यक होगी और इसका निर्णय ERO करेगा। अधिकांश मामलों में सुनवाई ऑनलाइन कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर मतदाता अपनी ओर से किसी वयस्क परिवार के सदस्य को सुनवाई में शामिल होने के लिए अधिकृत भी कर सकेंगे।
21.69 लाख मतदाता ड्राफ्ट सूची में शामिल
CEO के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 21,69,243 मतदाता शामिल थे। इनमें से 6,51,735 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए। इनमें 2,22,786 मामले ‘नो मैपिंग’ से जुड़े थे, जबकि 4,28,949 मामलों में मैपिंग संबंधी गड़बड़ियां पाई गई थीं। 1 अक्टूबर तक इनमें से 6,06,939 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। उचित प्रक्रिया पूरी करने के बाद 1,194 मतदाता अयोग्य पाए गए, जबकि 19,71,723 मतदाताओं को अंतिम प्रकाशन के लिए शामिल किया गया है।
कमजोर वर्गों के लिए विशेष कैंप
प्रशासन ने कमजोर वर्गों के मतदाताओं की सुविधा के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) को नाइट शेल्टर में रहने वाले लोगों, मजदूरों, बेघर व्यक्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए हेल्प डेस्क तथा विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। SIR प्रक्रिया के तहत अब तक 23,259 फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। इनमें 12,624 फॉर्म-6, 1,616 फॉर्म-7 तथा फॉर्म-8 के तहत स्थान परिवर्तन के 1,590 और सुधार से संबंधित 7,429 फॉर्म शामिल हैं। राजनीतिक दलों की ओर से 1,814 बूथ लेवल एजेंट भी नियुक्त किए गए हैं। डॉ. तिवारी ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं से BLO के साथ सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने मतदाताओं से अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद उसमें अपना नाम अवश्य जांचने को कहा है।