

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा से बड़ी खबर सामने आई है। वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के पास स्लैब गिरने से लोग घायल हो गए। मामले में सामने आ रहा है कि बंदरों के उत्पात के कारण मकान का छज्जा ढह गया। इससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में छह श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस घटना के तुरंत बाद एक्टिव हुई। घायल श्रद्धालुओं को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए हैं। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
वृंदावन विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर के समीप स्थित गली नंबर-5 में एक जर्जर मकान का छज्जा गिरने से उसके नीचे से गुजर रहे करीब 6 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की मुख्य वजह बंदरों की आपसी उछल-कूद बताई जा रही है। मकान मालिक ने भी इस संबंध में दावा किया है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन ने घायलों के बारे में जानकारी ली है
बांके बिहारी मंदिर के पास हुए हादसे में घायलों की सूची सामने आई है। छज्जा गिरने के कारण छह लोग घायल हुए हैं। इनमें लक्ष्मीनारायण (35) पुत्र शिशुपाल निवासी अलीगढ़, रुद्रांश (5) पुत्र विजय, विजय (35) पुत्र सतीश निवासी आगरा, उर्मिला देवी (70) पत्नी गोविंद लाल, चंचल प्रजापति (26) पुत्री ओमप्रकाश निवासी राजस्थान, जानकी देवी (48) पत्नी ओमप्रकाश और मेघा सैनी पुत्र जगवती शामिल हैं। सभी घायलों को रामकिशन मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के पास सुधीर गोस्वामी के मकान में हादसे की खबर है। सुधीर गोस्वामी के पड़ोसी का दावा है कि छज्जे में पहले से दरार थी। इस पर बंदर कूदने लगा। इससे वह भड़भड़ाकर गिर गई। लोगों का दावा है कि हादसे के समय तेज आंधी चल रही थी। इसी दौरान छज्जा टूटकर नीचे गिरा। छज्जे का मलबा गली में फैल गया। छज्जे के मलबे की चपेट में आकर श्रद्धालु घायल हुए हैं।
मंदिर के पास हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस समय मथुरा में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या दिख रही है। गर्मी की छुट्टी के कारण भारी संख्या में लोग वृंदावन पहुंच रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को लगाया गया है। प्रशासन ने मंदिर के आसपास के पुराने और जर्जर भवनों की जांच शुरू की है, ताकि इस प्रकार के हादसों को रोका जा सके।