

सन्मार्ग संवाददाता
नोएडा : टीवी9 भारतवर्ष के एग्ज़ीक्यूटिव एडिटर मनीष झा को मॉस्को में अंतरराष्ट्रीय ‘Honest View 2025’ मीडिया अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार वैश्विक पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है और निष्पक्ष, संतुलित तथा तथ्यपरक रिपोर्टिंग को मान्यता देता है।
मनीष झा को यह सम्मान ‘बेस्ट जर्नलिज़्म एवं डॉक्यूमेंटरी’ कैटेगरी में उनके विशेष रिपोर्ट के लिए मिला, जिसमें उन्होंने यूक्रेनी सशस्त्र बलों द्वारा ज़ापोरोज़िये न्यूक्लियर पावर प्लांट पर हमले की रिपोर्टिंग की। इस रिपोर्ट में उन्होंने जमीनी हकीकत और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति का संतुलित विश्लेषण पेश किया।
25 देशों में दो दशकों का अनुभव रखने वाले मनीष झा अंतरराष्ट्रीय संबंध, रक्षा और वैश्विक घटनाओं पर विश्वसनीय और प्रभावशाली पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। उनके इंटरव्यू और रिपोर्टें वैश्विक नेताओं और नीति-निर्माताओं की समझ को आम दर्शकों तक पहुँचाने का काम करती हैं।
टीवी9 भारतवर्ष के मैनेजिंग एडिटर परीतोष चतुर्वेदी ने कहा, “मनीष झा की यह उपलब्धि हिंदी पत्रकारिता के लिए गौरव का क्षण है। यह पुरस्कार हमारे न्यूज़रूम के साहसिक और तथ्यपरक दृष्टिकोण को दर्शाता है।”
टीवी9 भारतवर्ष अपनी सटीक रिपोर्टिंग, वैश्विक मामलों पर विश्लेषण और तकनीकी नवाचार के दम पर हिंदी न्यूज जगत में नई दिशा स्थापित कर रहा है। यह पुरस्कार न सिर्फ मनीष झा, बल्कि पूरे नेटवर्क के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।