

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : ईद के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जिलों के दौरे पर निकलेंगी। हालांकि उनके दौरे का कार्यक्रम अभी अंतिम रूप नहीं ले पाया है, लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार, रमजान महीने के अंत में वह चुनाव प्रचार के लिए विभिन्न जिलों का दौरा करने का मन बना चुकी हैं। यह भी बताया जा रहा है कि तृणमूल नेता का मुख्य फोकस उत्तर बंगाल होगा। इस सिलसिले में उनका पहला दौरा अलीपुरदुआर जिले में कालचीनी हो सकता है। इसके बाद अलीपुरदुआर में उनकी सभा होने की भी संभावना जताई जा रही है। वह दोनों स्थानों से सभा को संबोधित कर सकती हैं।
हाल ही में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पार्टी के उम्मीदवारों की सूची जारी की है। उम्मीदवारों की सूची में चाय उत्पादक क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया गया हैं। चाय बागान और चाय बेल्ट इलाकों में तृणमूल की स्थिति पारंपरिक रूप से कमजोर रही है। पूरे उत्तर बंगाल में अब भी बीजेपी का प्रभाव कम नहीं है। हालांकि पिछले वर्षों की तुलना में विधानसभा स्तर पर तृणमूल की स्थिति बेहतर हुई है, फिर भी पार्टी सुप्रीमो कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती हैं। इसी कारण उन्होंने उत्तर बंगाल के चाय बेल्ट को प्राथमिकता दी है।
कालचीनी से टीएमसी उम्मीदवार के रूप में आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधि बीरेंद्र बारा ओरांव को चुना गया है। वहीं अलीपुरदुआर से पार्टी के भरोसेमंद और पूर्व विधायक सुमन कांजीलाल को उम्मीदवार बनाया गया है। इस संबंध में सुमन कांजीलाल ने बताया कि हमें जानकारी मिली है कि पार्टी नेता अलीपुरदुआर आएंगी, हालांकि तारीख अभी तय नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने चाय श्रमिकों के लिए बहुत काम किया है और उनका योगदान भुलाया नहीं जा सकता। उनका दौरा न सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं बल्कि चाय बेल्ट के लोगों के लिए भी सकारात्मक होगा। हालांकि, चुनाव प्रचार को लेकर अंतिम फैसला ममता ही लेंगी।