अब एयरपोर्ट पर तस्करी आसान नहीं : AIU के शिकंजे में नशे के सौदागर

तीन माह में 396.745 किलोग्राम गांजा जब्त, 54 तस्कर गिरफ्तार
अब एयरपोर्ट पर तस्करी आसान नहीं : AIU के शिकंजे में नशे के सौदागर
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, कोलकाता स्थित सीमा शुल्क (कस्टम्स) के एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम तीन महीनों (अप्रैल से जून 2026) के दौरान उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

इस अवधि में AIU ने 58 मामलों का खुलासा करते हुए 396.745 किलोग्राम गांजा (मारिजुआना) जब्त किया। इन मामलों में कुल 54 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 53 भारतीय नागरिक और 1 विदेशी नागरिक शामिल हैं। यह कार्रवाई हवाई मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में कस्टम्स की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। चीफ प्रिंसिपल कमिश्नर श्रवण कुमार और प्रिंसिपल कमिश्नर विनायक आजाद की अध्यक्षता में टीम ने उल्लेखनीय कार्य किया है।

आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2026 में 10 मामलों में 37.811 किलोग्राम, मई में 23 मामलों में 168.175 किलोग्राम तथा जून में 25 मामलों में 190.759 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्त किए गए अधिकांश मादक पदार्थ बैंकॉक से आने वाली उड़ानों के माध्यम से लाए जा रहे थे। इसके अलावा फुकेट, हनोई और सिंगापुर से आने वाली उड़ानों से भी गांजे की खेप बरामद की गई। तस्कर चेक-इन बैगेज और हैंड बैगेज, दोनों का इस्तेमाल कर रहे थे।

सीमा शुल्क अधिकारियों के अनुसार, तस्करों ने जांच से बचने के लिए कई अत्याधुनिक तरीके अपनाए। गांजे को चॉकलेट के पैकेट और रैपर, ट्रॉली बैग की दीवारों, व्यक्तिगत सामान, प्लास्टिक पैकेट एवं वैक्यूम-सीलबंद पाउच, बैगेज की कई परतों तथा ट्रॉली बैग के किनारों में छिपाकर ले जाया जा रहा था।

AIU ने बताया कि इन सफल कार्रवाइयों के पीछे सटीक यात्री प्रोफाइलिंग, खुफिया सूचनाओं पर आधारित अभियान, उन्नत जोखिम विश्लेषण, प्रभावी निगरानी तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वित कार्रवाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मादक पदार्थों की पहचान और बरामदगी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए हवाई अड्डे पर आठ प्रशिक्षित के-9 (स्निफर) डॉग्स भी तैनात किए गए हैं, जो बैगेज की जांच में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ सीमा शुल्क विभाग यात्रियों के बीच जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। हवाई अड्डा टर्मिनल पर प्रमुख स्थानों पर जागरूकता स्टैंडी लगाई गई हैं, जिनके माध्यम से यात्रियों को मादक पदार्थों की तस्करी के कानूनी परिणामों की जानकारी दी जा रही है तथा सीमा शुल्क कानूनों के पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in