

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : लेकटाउन घड़ी मोड़ के पास स्थापित अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की 70 फीट ऊंची स्टैच्यू को सुरक्षा कारणों से हटा दिया गया है। हाल के दिनों में स्टैच्यू के हवा में हिलने की शिकायतें सामने आने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इसका निरीक्षण कराया था। जांच में मूर्ति की संरचना कमजोर पायी जाने पर इसे तत्काल हटाने का निर्णय लिया गया।
निरीक्षण में सामने आयी कमजोरी
स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने स्टैच्यू का मुआयना किया। जांच में पाया गया कि फाइबरग्लास और लोहे से बनी प्रतिमा की संरचनात्मक मजबूती प्रभावित हो चुकी है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई थी।
व्यस्त इलाके में थी स्टैच्यू
विधायक शारद्वत मुखर्जी ने बताया कि स्टैच्यू एक व्यस्त सड़क और सबवे के पास स्थित थी। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इसे हटाना जरूरी हो गया था। इससे पहले प्रतिमा को नायलॉन की रस्सियों से बांधकर सुरक्षित किया गया था और आसपास बैरिकेड भी लगाए गए थे।
नयी जगह पर होगी स्थापित
स्टैच्यू को फिलहाल पीडब्ल्यूडी की निगरानी में रखा गया है। हालांकि अभी तक यह तय नहीं किया गया है कि इसे दोबारा किस स्थान पर स्थापित किया जाएगा।