कालबैसाखी तूफान का अलर्ट, दक्षिण बंगाल को जल्द मिलेगी राहत

भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
कालबैसाखी तूफान का अलर्ट, दक्षिण बंगाल को जल्द मिलेगी राहत
Published on

कोलकाता में रविवार से बदलेगा मौसम का मिजाज

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दक्षिण बंगाल के कई जिले इस समय झुलसाने वाली गर्मी से जूझ रहे हैं। पश्चिमी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और लू का प्रकोप पहले ही शुरू हो गया है। इस बीच अलीपुर मौसम विभाग ने कुछ राहत की संभावना जताते हुए कालबैसाखी तूफान और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से एक ट्रफ गंगीय पश्चिम बंगाल से उत्तरी ओडिशा तक फैला हुआ है। इसके कारण राज्य में पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से शुष्क हवाएं प्रवेश कर रही हैं, जिससे गर्मी और बढ़ी है। हालांकि, संवहनी बादलों के बनने से कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी

शनिवार को बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, पुरुलिया तथा बांकुड़ा में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। रविवार और सोमवार को इन क्षेत्रों में हवाओं की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मंगलवार और बुधवार को भी कई जिलों में इसी तरह का मौसम बना रहेगा।

कोलकाता में रविवार से बदलेगा मौसम का मिजाज

कोलकाता में रविवार से गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू होने की संभावना है। हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। इससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी, लेकिन उमस भरी गर्मी से पूरी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी जिलों में शनिवार से 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश का अनुमान है। अन्य जिलों में भी तेज हवाओं के साथ वर्षा जारी रह सकती है, जो सोमवार तक प्रभावी रहेगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in