जावेद अख्तर को मिला 33वां पीसी चंद्रा सम्मान

कोलकाता में भव्य समारोह, साहित्य और सिनेमा योगदान का गौरव
जावेद अख्तर को मिला 33वां पीसी चंद्रा सम्मान
Published on

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पूर्वी भारत के प्रमुख व्यावसायिक समूह पी.सी. चंद्रा ग्रुप ने अपने प्रतिष्ठित ब्रांड पी.सी. चंद्रा ज्वैलर्स के साथ मिलकर सुप्रसिद्ध कवि, गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर को 33वां पी.सी. चंद्रा पुरस्कार प्रदान किया। यह भव्य समारोह कोलकाता में आयोजित हुआ, जहां देश की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। यह सम्मान समूह के संस्थापक पूर्ण चंद्र चंद्र की जयंती के अवसर पर हर वर्ष दिया जाता है। पुरस्कार में 20 लाख रुपये का कर-मुक्त मानदेय शामिल है, जो इसे देश के प्रमुख सम्मानों में स्थान दिलाता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म डारेक्टर गौतम घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही समूह के मैनेजिंग डायरेक्टर अरुण कुमार चंद्रा और डायरेक्टर प्रसेनजीत चंद्रा भी समारोह में शामिल हुए।

पीसी चंद्रा पुरस्कार बना प्रेरणा और उपलब्धि का प्रतीक

कार्यक्रम में पी.सी. चंद्रा ज्वैलर्स के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर सुभ्रो चंद्रा ने कहा कि जावेद अख्तर का योगदान भारतीय साहित्य और सिनेमा के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा है। उनके शब्दों ने पीढ़ियों को प्रभावित किया है और समाज में गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने आगे कहा कि यह पुरस्कार उत्कृष्टता, विरासत और स्थायी प्रभाव का प्रतीक है, और जावेद अख्तर का सम्मान करना पूरे समूह के लिए गर्व की बात है। उल्लेखनीय है कि 1993 में स्थापित इस पुरस्कार से पूर्व में विश्वनाथन आनंद, नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी, वयोवृद्ध गायिका आशा भोसले, देवी शेट्टी, कपिल देव, अमजद अली खान, मैरी कॉम, सोमनाथ एस. एवं लिएंडर पेस सहित अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया जा चुका है। यह आयोजन न केवल उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि प्रेरणा और उत्कृष्टता की एक सशक्त मिसाल भी बना।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in