जब संन्यासी बनकर मां से भिक्षा मांगने पहुंचे थे योगी आदित्यनाथ

मां ने भावुक होकर बेटे को लौट आने को कहा, लेकिन अजय से योगी बन चुके बेटे ने समाज और देश की सेवा को बताया अपना धर्म
जब संन्यासी बनकर मां से भिक्षा मांगने पहुंचे थे योगी आदित्यनाथ
Published on: 

दुनिया में मां की जगह कोई नहीं ले सकता। बेटा चाहे कितनी भी बड़ी जिम्मेदारी क्यों न संभाल ले, मां के लिए वह हमेशा उसका बच्चा ही रहता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन में भी एक ऐसा भावुक पल आया था, जब उनकी मां सावित्री देवी को अपने ही बेटे को संन्यासी के रूप में भिक्षा देनी पड़ी थी।

बात वर्ष 1993 की है। योगी आदित्यनाथ, जिनका बचपन का नाम अजय सिंह बिष्ट था, उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर से गोरखपुर के लिए निकल गए थे। उन्होंने संन्यास लेने का फैसला किया था और गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर महंत अवैद्यनाथ का शिष्य बनने जा रहे थे। इस फैसले की जानकारी उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी को नहीं दी थी। वह बिना किसी को बताए घर छोड़कर निकल गए थे। इसलिए जाते समय मां-बेटे के बीच कोई बातचीत भी नहीं हुई थी। नाथ संप्रदाय की परंपरा के अनुसार, दीक्षा लेने के बाद संन्यासी को अपने पूर्व जीवन की मां से भिक्षा प्राप्त करनी होती है। इसी परंपरा का पालन करते हुए योगी आदित्यनाथ एक दिन संन्यासी के वेश में अपनी मां के दरवाजे पर पहुंचे और उनसे भिक्षा मांगी।

अपने बेटे को जोगी के रूप में सामने देखकर सावित्री देवी भावुक हो उठीं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने बेटे से घर लौट आने या गृहस्थ जीवन अपनाने की इच्छा जताई। लेकिन अजय अब संन्यास की राह चुन चुके थे। उन्होंने मां को समझाया कि अब उनका जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित है।

मां ने बेटे को भिक्षा के रूप में चावल और कुछ रुपये दिए। मां के हाथों से भिक्षा लेकर योगी आदित्यनाथ वापस गोरखपुर लौट गए। यह मुलाकात मां-बेटे के रिश्ते का एक ऐसा पल थी, जिसमें ममता भी थी, बिछड़ने का दर्द भी और बेटे के संकल्प को स्वीकार करने की विवशता भी। एक मां के लिए अपने बेटे को इस तरह विदा करना आसान नहीं रहा होगा। लेकिन सावित्री देवी ने आखिरकार बेटे के चुने हुए रास्ते को स्वीकार किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News