

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हावड़ा में विभिन्न स्थानों पर योग और ध्यान सत्रों का आयोजन किया गया। इस वर्ष स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग की थीम पर आधारित कार्यक्रमों में पुलिसकर्मियों से लेकर खेल जगत की हस्तियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
हावड़ा सिटी पुलिस की विशेष पहल
मौके पर हावड़ा सिटी पुलिस ने कमिश्नरेट की सभी इकाइयों में विशेष योग और माइंडफुलनेस (ध्यान) सत्र आयोजित किए। इस पहल को पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखने और उनके स्वास्थ्य, संतुलन व फिटनेस को पेशेवर जिम्मेदारी का एक महत्वपूर्ण आधार बताया गया। पुलिसकर्मियों ने योगाभ्यास भी किया।
बेलूर मठ व स्पोर्ट्स अकादमी में मना अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
बेलूर स्थित रामकृष्ण मिशन विवेकानंद एजुकेशनल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। यहां 200 से अधिक लोगों ने योगाभ्यास में भाग लिया। प्रतिभागियों ने नियमित योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। वहीं हावड़ा के एलआरएस स्पोर्ट्स अकादमी में पूर्व क्रिकेटर एवं खेल आयोजक लक्ष्मी रतन शुक्ला के नेतृत्व में करीब 500 लोगों और बच्चों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। मौके पर शुक्ला ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री और राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री के नेतृत्व में योग को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रमों की सराहना की।