भारत को मिला बड़ा ग्लोबल पार्टनर!

दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी का ऐलान, 18 अहम फैसलों और 10 समझौतों पर बनी सहमति; न्यूजीलैंड अगले 15 वर्षों में भारत में करेगा 20 अरब डॉलर का निवेश
भारत को मिला बड़ा ग्लोबल पार्टनर!
Published on

भारत और न्यूजीलैंड ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देते हुए उन्हें रणनीतिक साझेदारी (Strategic Partnership) का दर्जा देने का ऐलान किया है। साथ ही दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य तय किया है। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय दौरे के दौरान हुई वार्ता के बाद इसकी घोषणा की।

प्रधानमंत्री लक्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुआ यह नया समझौता दोनों देशों के मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि व्यापार बढ़ने से न्यूजीलैंड में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, लोगों की आय बढ़ेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

दोनों नेताओं के बीच हुई व्यापक वार्ता में 18 प्रमुख परिणामों पर सहमति बनी, जिनमें व्यापार, निवेश, तकनीक और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने से जुड़े 10 महत्वपूर्ण समझौते शामिल हैं।

ऑकलैंड में उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह रणनीतिक साझेदारी केवल एक कूटनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि साझा भविष्य का नया संकल्प है। उन्होंने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता रिकॉर्ड 9 महीनों में पूरा हुआ, जिससे बाजार पहुंच, निवेश, सेवाओं, तकनीक और प्रतिभा के आदान-प्रदान के नए अवसर खुलेंगे।

पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि दोनों देश मिलकर 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य हासिल करेंगे। उन्होंने भारत को वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि भारत में नीति स्थिरता, राजनीतिक स्थिरता और निरंतर विकास का माहौल है। उन्होंने कहा, "भारत सिर्फ एक बाजार नहीं, बल्कि वैश्विक विकास का लॉन्चपैड है।"

प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि न्यूजीलैंड ने अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने न्यूजीलैंड की कंपनियों को विनिर्माण, बुनियादी ढांचा, स्वच्छ ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल अर्थव्यवस्था, कृषि, डेयरी, फूड प्रोसेसिंग और उभरती तकनीकों में निवेश बढ़ाने का आमंत्रण दिया।

इस बीच, ऑकलैंड में आयोजित 'किया ओरा मोदी' सामुदायिक कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक भारतीय मूल के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भी शामिल हुए। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय संस्कृति को सहेजते हुए न्यूजीलैंड के बहुसांस्कृतिक समाज को भी समृद्ध बनाया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत-न्यूजीलैंड की दोस्ती, आर्थिक सहयोग और खेल संबंधों का उत्सव है। साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि 2026 दोनों देशों के बीच खेल सहयोग के 100 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in