इस माह के अंत में ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक, शामिल हो सकती हैं ममता

विपक्षी एकता को धार देने की तैयारी
ममता बनर्जी
ममता बनर्जी
Published on

कोलकाता : मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की अगली बैठक अगस्त के अंत में हैदराबाद में हो सकती है। तृणमूल कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, बैठक की तारीख और स्थान को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

तृणमूल सूत्रों के अनुसार, अगले वर्ष उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए विपक्षी एकजुटता को मजबूत करना बैठक का प्रमुख उद्देश्य होगा। खासतौर पर उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर विपक्षी दलों के बीच साझा रणनीति पर चर्चा हो सकती है। सीटों के तालमेल और चुनावी मुद्दों पर भी विचार-विमर्श की संभावना है।

गुरुवार को संसद का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद विपक्षी दलों की बैठक हुई। इसमें कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी भी मौजूद थीं। बैठक में मानसून सत्र के दौरान बनी विपक्षी एकता को आगामी नवंबर-दिसंबर में होने वाले शीतकालीन सत्र में भी कायम रखने का फैसला लिया गया।

तृणमूल सूत्रों का दावा है कि मानसून सत्र के दौरान वाम दलों समेत विपक्षी दलों ने एकजुट होकर केंद्र की मोदी सरकार का विरोध किया। पार्टी का आरोप है कि सरकार ने विपक्ष पर सदन बाधित करने का आरोप लगाया, जबकि वास्तविकता यह थी कि सरकार ने ही संसद को सुचारू रूप से चलने नहीं दिया।

तृणमूल का मानना है कि संसद में बनी विपक्षी एकजुटता को अब आगे भी कायम रखने की जरूरत है। इसी रणनीति के तहत प्रस्तावित बैठक में ममता बनर्जी की मौजूदगी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों के साथ-साथ केंद्र सरकार के खिलाफ साझा राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in