

कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बुधवार को नवान्न में एक बार फिर राज्य प्रशासन की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक में गृह, शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, ग्रामीण विकास, युवा कल्याण, खाद्य और कृषि सहित 41 सरकारी विभागों के सचिव शामिल होंगे। प्रत्येक विभाग से पांच वरिष्ठ अधिकारियों को भी उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को असम से लौटने तथा प्रोटेम स्पीकर के शपथग्रहण के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मुख्य सचिव के साथ चर्चा की। इसके बाद निर्णय लिया गया कि बुधवार को विधानसभा में भाजपा विधायकों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद सभी विभागों के सचिवों के साथ फिर से बैठक की जाएगी।
इस बैठक में विभिन्न परियोजनाओं को समय पर पूरा करने, केंद्र प्रायोजित योजनाओं के कार्यान्वयन में किसी प्रकार की समस्या न आने देने और लंबित कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, कई विभागों में केंद्र से प्राप्त धनराशि लंबित पड़ी है, जिसे उचित तरीके से खर्च करने के निर्देश भी दिए जाएंगे। इन सभी मुद्दों पर बुधवार को नवान्न सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक होगी।
राज्य सचिवालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सभी विभागों से अगले छह महीने और दो वर्षों की कार्ययोजना का स्पष्ट खाका प्रस्तुत करने को कह सकते हैं। साथ ही परियोजनाओं की समयसीमा, बजट आवंटन, केंद्र से प्राप्त राशि और कार्यान्वयन में आ रही समस्याओं की विस्तृत जानकारी भी मांगी जा सकती है।