

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक और कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में किसी जहाज पर ईरान की ओर से मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या किसी अन्य हथियार से हमला किया गया, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई में ईरान के एक पुल (ब्रिज) या पावर प्लांट को तबाह कर देगा।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "अब से यदि ईरान किसी जहाज पर हमला करता है, चाहे वह मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या किसी भी हथियार से हो, तो अमेरिका ईरान के एक पुल या पावर प्लांट को बमबारी कर नष्ट कर देगा। इसमें तेहरान के पास स्थित पुल और बिजली संयंत्र भी शामिल होंगे।"
इससे एक दिन पहले भी ट्रंप ने संकेत दिए थे कि अमेरिका की सैन्य कार्रवाई अभी समाप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिकी सेना अभी पीछे हट जाए, तब भी ईरान को हुए नुकसान की भरपाई करने में 20 से 25 साल लग जाएंगे।
ट्रंप ने कहा, "अगर हम अभी लौट भी जाएं, तब भी ईरान को दोबारा खड़ा होने में 20-25 साल लगेंगे। लेकिन हम अभी खत्म नहीं हुए हैं... फिलहाल हम कहीं नहीं जा रहे।"
हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल व्यापार मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ट्रंप की इस चेतावनी के बाद पश्चिम एशिया में पहले से जारी तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव के बीच इस बयान को बेहद अहम माना जा रहा है।