IAF विंग-कमांडर ने पाक महिला जासूस से मांगी न्यूड फाेटो

पाक महिला जासूस को बदले में फाइटर जेट की लोकेशन भेजी, चार्जशीट में खुलासा
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

ऑफिस में आईफोन के साथ पकड़ा गया था

नयी दिल्ली : पाकिस्तानी महिला जासूस की अदाओं और न्यूड तस्वीरों के जाल में फंसकर भारतीय वायुसेना का एक विंग कमांडर देश की सुरक्षा से जुड़े बेहद संवेदनशील राज साझा करता रहा। मामला सिर्फ सैन्य सूचनाएं लीक करने तक सीमित नहीं था, बल्कि आरोप है कि उसने पूरी ड्रोन यूनिट को साइबर जासूसी के खतरे में डालने की साजिश में भी मदद की।करीब पांच महीने पहले गिरफ्तार विंग कमांडर मनोरथ सिंह सभरवाल के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पटियाला हाउस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। इसमें ऐसे खुलासे हुए हैं, जिन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

हर न्यूड फोटो के बदले वॉर प्लान का एक पन्ना!

चार्जशीट के मुताबिक, अभियुक्त मनोरथ सिंह एक पाकिस्तानी महिला एजेंट के संपर्क में था। वह महिला सोशल मीडिया के जरिए उसे हनीट्रैप में फंसाने में कामयाब रही। इसके बाद दोनों के बीच निजी बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे देश की संवेदनशील सैन्य जानकारियां साझा होने लगीं। आरोप है कि विंग कमांडर ने महिला से कहा था कि हर न्यूड तस्वीर के बदले वह वॉर प्लान का एक नया पन्ना भेजेगा। इस तरह कथित तौर पर निजी तस्वीरों के बदले देश की युद्ध संबंधी रणनीतियों से जुड़े दस्तावेज साझा किए गए।

लेह से राजस्थान तक की सैन्य तैनाती की जानकारी लीक

पुलिस की चार्जशीट में दावा किया गया है कि मनोरथ सिंह ने कई अहम सैन्य जानकारियां पाकिस्तानी एजेंट तक पहुंचाईं। इनमें शामिल हैं:

1-लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती से जुड़ी जानकारी, 2-राजस्थान में होने वाले सैन्य अभ्यास का ब्योरा, 3-ड्रोन यूनिट की क्षमता, तकनीक और कार्यप्रणाली, 4- युद्ध की स्थिति में सेना की संभावित तैनाती से जुड़े दस्तावेज।

आरोप है कि उसने ड्रोन के परीक्षण, उनकी उड़ान की अवधि और निशाना तय करने की प्रक्रिया तक की जानकारी साझा की।

3008 मैसेज, 65 तस्वीरें और 42 कॉल से खुला राज

जांच के दौरान पुलिस ने अभियुक्त और संदिग्ध पाकिस्तानी महिला जासूस के बीच हुई वॉट्सऐप बातचीत खंगाली। चार्जशीट के मुताबिक, दोनों के बीच संवाद का बड़ा नेटवर्क सामने आया।

जांच में कथित तौर पर मिले डिजिटल साक्ष्य :

1-3008 वॉट्सऐप मैसेज, 2-65 तस्वीरें, 3- 65 रिएक्शन, 4- 42 ऑडियो कॉल, 5- 4 वीडियो कॉल, 6- 6 लिंक

पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त 12 जनवरी से 1 अप्रैल के बीच पाकिस्तानी महिला जासूस के संपर्क में था। महिला गुजरात की सिम के जरिए वॉट्सऐप चला रही थी।

ऑफिस में आईफोन लेकर पहुंचा, सिक्योरिटी ने पकड़ा

इस पूरे जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश एक आईफोन की वजह से हुआ। अभियुक्त रेस कोर्स स्थित अपने कार्यालय में जा रहा था, तभी सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास आईफोन मिला। यहां मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित था। खासकर इसलिए क्योंकि अभियुक्त एक संवेदनशील और गोपनीय सैन्य इकाई का नेतृत्व कर रहा था। सुरक्षा कर्मचारियों को शक हुआ तो फोन की जांच की गई। इसके बाद वॉट्सऐप चैट और संवेदनशील जानकारियां साझा किए जाने के कथित सबूत सामने आए। मामले की जानकारी भारतीय वायुसेना को दी गई और फिर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जांच शुरू की।

सिर्फ एक अफसर नहीं, पूरी ड्रोन यूनिट थी निशाने पर!

इस मामले का सबसे चिंताजनक पहलू साइबर जासूसी से जुड़ा है। पुलिस का आरोप है कि पाकिस्तानी एजेंट के कहने पर विंग कमांडर ने अपने अधीन काम करने वाले पांच कर्मचारियों के मोबाइल फोन और दूसरे उपकरणों में जासूसी सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करवाया। इस सॉफ्टवेयर के जरिए इन उपकरणों में मौजूद निजी और सैन्य जानकारियों तक पहुंच बनाई जा सकती थी। यानी जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह साजिश सिर्फ एक अधिकारी से गोपनीय सूचनाएं हासिल करने तक सीमित नहीं थी, बल्कि उसके जरिए पूरी यूनिट के डिजिटल नेटवर्क और संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच बनाने की कोशिश भी की गई।

मई में सामने आया मामला, अब कोर्ट में पेशी

यह मामला मई 2026 में सामने आया था। वायुसेना अधिकारियों की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने 30 मई 2026 को विंग कमांडर मनोरथ सिंह सभरवाल को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया। अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पटियाला हाउस कोर्ट ने अभियुक्त को 5 दिसंबर को पेश करने का आदेश दिया है।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News