

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने गंभीर आराेप लगाये हैं। भवानीपुर के काउटिंग सेंटर से बाहर आने के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि उनके साथ मारपीट की गयी। दोपहर से ही वे हमें पीट रहे हैं। मुझे भी चोट लगी है। उन्होंने यह भी कहा कि सीसीटीवी बंद कर दिया गया था। यहां तक कि तृणमूल के एजेंट को मतगणना केंद्र के भीतर नहीं जाने दिया जा रहा था। मैंने हर जगह शिकायत की कि हमारे एजेंटों को भीतर नहीं आने दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं को ‘केंद्रीय बलों की मदद से परेशान किया गया है’’ और पार्टी कार्यालयों में ‘‘तोड़फोड़ कर जबरन कब्जा’’ किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय बलों की मदद से वे कार्यकर्ताओं को परेशान और प्रताड़ित किया जा रहा है। हमारे कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई है।’ ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया ‘जानबूझकर उन सीटों को निशाना बनाकर की गई, जहां हम मजबूत थे।’ मतगणना जारी रहने के दौरान ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करने की कोशिश करते हुए कहा था कि मतगणना के कई दौर अभी बाकी हैं और उन्होंने उनसे मजबूती से डटे रहने को कहा। उन्होंने कहा कि ‘मतगणना के 14 से 18 दौर होंगे। आप निश्चित रूप से विजयी होंगे। डरिए मत, बाघों की तरह लड़िए।’
काउटिंग सेंटर के बाहर तृणमूल और भाजपा एजेंट की फाइट
भवानीपुर के मतगणना केंद्र सखावत मेमोरियल गर्ल्स स्कूल के बाहर राजनीतिक पार्टी के एजेंट भिड़ गये। भाजपा और तृणमूल के एजेंट ने एक दूसरे पर आरोप लगाया। भाजपा के एजेंट ने कहा कि तृणमूल के एजेंट ने बिना आई कार्ड के केंद्र में घुसने की कोशिश की, वहीं तृणमूल के एजेंट ने आरोप लगाया कि भाजपा के एजेंट ने उन्हें मारा, डराया धमकाया। इसी तरह से कांग्रेस के एजेंट ने भी आरोप लगाया और मतगणना पूरा होने से पहले ही कई निकल गये।