हावड़ा: सरकारी पंप हाउस से भारी मात्रा में त्रिपाल बरामद

Howrah Tension: Government Tarpaulins Seized from Pump House; TMC Leader's House Gheraoed
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के लिलुआ थाना अंतर्गत चामराइल रामकृष्ण पल्ली में एक सरकारी पंप हाउस से भारी मात्रा में सरकारी त्रिपाल बरामद होने के बाद सोमवार को भारी बवाल हो गया। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) संचालित चामराइल ग्राम पंचायत की उपप्रधान उर्मिला बारुई के घर का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर लिलुआ थाना पुलिस और केंद्रीय बलों के जवानों को तैनात करना पड़ा।

सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHE) के पंप हाउस से कम से कम 250 नए सरकारी त्रिपाल बरामद किए गए। पंप हाउस के एक कर्मचारी ने बताया कि कुछ दिन पहले पंचायत के निर्देश पर ही इन त्रिपालों को यहां लाकर रखा गया था।

टीएमसी उपप्रधान के घर पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत द्वारा अमीर और रसूखदार लोगों को तो सरकारी राहत सामग्री बांट दी जाती है, लेकिन चक्रवात और बारिश में गरीबों के घरों की छतें उड़ जाने के बाद भी उन्हें त्रिपाल नहीं दिए जाते।

स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने उपप्रधान पर सीधे भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि इन त्रिपालों को खुले बाजार में बेचने के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था। हालांकि, उपप्रधान उर्मिला बारुई ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पंप हाउस में त्रिपाल क्यों रखे गए थे, इसकी जानकारी केवल पंचायत अधिकारी ही दे सकते हैं। फिलहाल लिलुआ थाना पुलिस ने सभी त्रिपालों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in