15 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ सब-इंस्पेक्टर

एंटी करप्शन ब्रांच का बड़ा एक्शन
Howrah Bantra Police Station Sub Inspector Arrested Taking 15K Bribe ACB Action
अभियुक्त एसआई सुब्रत सरकार को रुपयों के साथ पकड़ा गया
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के बैंटरा थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी की पहचान सुब्रत सरकार के रूप में हुई है, जो एक घरेलू हिंसा के मामले में आरोपी से घूस मांग रहा था।

दहेज प्रताड़ना के मामले में मांगी थी रिश्वत

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को हावड़ा के कैलाश दास लेन की निवासी पूजा रुईदास ने अपने पति अभिजीत रुईदास के खिलाफ बैंटरा थाने में शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले की जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर सुब्रत सरकार को सौंपी गई थी। आरोप है कि केस को निपटाने और राहत देने के बदले सुब्रत सरकार ने अभिजीत से 15,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।

केमिकल लगे नोटों से बिछाया गया जाल, गुलाबी हुआ हाथ

रिश्वत मांगे जाने के बाद अभिजीत ने एंटी करप्शन ब्रांच के टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत मिलते ही एसीबी के अधिकारियों ने योजना बनाई और केमिकल (फिनोलफ्थलीन पाउडर) लगे नोट देकर अभिजीत को थाने भेजा। जैसे ही सब-इंस्पेक्टर सुब्रत सरकार ने पैसे स्वीकार किए, एसीबी की टीम ने छापा मार दिया। पानी में हाथ धुलवाते ही आरोपी का हाथ गुलाबी हो गया, जिससे घूस लेने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in