कल्याणी एक्सप्रेसवे पर भयावह हादसा: चलती कार में लगी आग, तीन घायल !

Horrific accident on Kalyani Expressway: Moving car catches fire, three injured!
सांकेतिक फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर: सोमवार की रात कल्याणी एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब खड़दह सदरहाट के पास एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। यह भयावह घटना इतनी तेजी से घटी कि देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। हालांकि, इस दौरान कार में सवार ड्राइवर और मालिक ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

तमिलनाडु नंबर की कार में लगी थी आग

यह घटना उस समय हुई, जब तमिलनाडु नंबर की एक चार पहिया गाड़ी घोला मुरागाछा से बैरकपुर की दिशा में कल्याणी एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किस कारण से लगी, लेकिन गाड़ी में अचानक आग की लपटें उठते देख ड्राइवर और मालिक ने तुरंत गाड़ी को रोका और बाहर कूद गए। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें कुछ भी निकालने का मौका नहीं मिला और उनकी आंखों के सामने उनकी पूरी कार जलकर राख हो गई।

Horrific accident on Kalyani Expressway: Moving car catches fire, three injured!
सांकेतिक फोटो

बाल-बाल बचा ड्राइवर और मालिक

इस भयावह नजारे को देख आसपास के लोगों ने तुरंत आग पर काबू पाने की कोशिश की। कई लोग बाल्टियों में पानी लेकर दौड़े, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इसे बुझाना मुश्किल हो गया। आग बुझाने की कोशिश में तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां और रोहड़ा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि आग पूरी तरह से फैल चुकी थी। आग बुझने तक कल्याणी एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया, जिससे गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और ट्रैफिक को फिर से शुरू करवाया। बंदीपुर ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in