

दिव्यांग छात्रों को अपलोड करना होगा मेडिकल सर्टिफिकेट
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद द्वारा आगामी 21 सितंबर से शुरू होने वाली हायर सेकेंडरी तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाओं को लेकर विशेष आवश्यकता वाले छात्रों (CWSN) और अस्थायी रूप से असमर्थ उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण गाइडलाइंस जारी की गई है। इसके तहत पात्र छात्रों को परीक्षा में लेखक (स्क्राइब), अतिरिक्त समय और इंटरप्रेटर की विशेष सुविधा दी जाएगी। इन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए संबंधित शिक्षण संस्थान के प्रमुख को अपनी लॉगिन आईडी से काउंसिल के पोर्टल पर जाकर छात्र के रोल नंबर के जरिए आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान छात्र और लेखक की जरूरी जानकारी भरनी होगी। नियम के अनुसार सहायता करने वाले लेखक की शैक्षणिक योग्यता 11वीं कक्षा से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा CWSN छात्रों को रजिस्टर्ड डॉक्टर द्वारा जारी विकलांगता सर्टिफिकेट की पीडीएफ कॉपी अपलोड करनी होगी।
दस्तावेज अपलोड होने के बाद मिलेगी मंजूरी
दुर्घटना या मेडिकल कारणों से अस्थायी रूप से लिखने में असमर्थ छात्र केवल अतिरिक्त समय और लेखक की सुविधा के पात्र होंगे। सभी जानकारियां और दस्तावेज अपलोड होने के बाद आवेदन क्षेत्रीय कार्यालय के डिप्टी सेक्रेटरी के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद परमिशन लेटर सीधे पोर्टल पर जनरेट हो जाएगा, जो स्कूल प्रमुखों, वेन्यू सुपरवाइजर और सेंटर सेक्रेटरी के लॉगिन अकाउंट पर उपलब्ध रहेगा। इसी ऑथराइजेशन लेटर में छात्र को मिलने वाली सभी सुविधाओं की पूरी जानकारी दर्ज होगी।