नयी दिल्ली : त्तराखंड के सोनप्रयाग में शुक्रवार देर रात तेज बारिश के चलते हुए भूस्खलन से केदारनाथ राजमार्ग (हाईवे) बंद हो गया है। रास्ते से मलबे को हटाने का काम जारी है। पुलिस ने यात्रियों को कुछ दूर पहले सुरक्षित स्थान पर ही रोक लिया है। मौसम विभाग ने शनिवार को देश के 31 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश, बिहार सहित देश के 27 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट है। वहीं उत्तराखंड, गुजरात, महाराष्ट्र (मध्य), केरल में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में भारी बारिश
राजस्थान के 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। शुक्रवार को जैसलमेर, जयपुर, सीकर, अलवर सहित 25 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हुई। वहीं बिजली गिरने से बूंदी में एक युवक और महिला, सिरोही में बच्चे और डूंगरपुर में युवक की मौत हो गयी। महाराष्ट्र में तेज बारिश जारी है। मुंबई में समुद्र में हाई टाइड उठ रहा है। इस वजह से समुद्र किनारे की सड़कों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, महाराष्ट्र के चंद्रपुर का ताड़ोबा अंधारी टाइगर रिजर्व (टीएटीआर) का मेन एरिया मानसून की वजह से 1 जुलाई से तीन महीने के लिए पर्यटकों के लिए बंद किया गया है।
पूर्वोत्तर में हालत गंभीर
त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, असम (दक्षिण) में रेलवे लाइन पर कई जगहों पर तेज बारिश के चलते हुए भूस्खलन से शुक्रवार को लगातार पांचवे दिन ट्रेन सर्विस बाधित रही। वहीं केरल में इडुक्की जिले का मुल्लापेरियार बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जो 135.35 फुट हो गया है और जल्द ही 136 फीट के खतरे के निशान को छू सकता है।
भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में मानसून की औपचारिक शुरुआत होने की संभावना है। हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है, जिससे तापमान में कमी आयेगी। उत्तर प्रदेश में तेज से बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल फटने और भूस्खलन की चेतावनी है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में तेज बारिश जारी रहेगी। बिहार, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात में भारी बारिश हो सकती है। कर्नाटक, केरल, गोवा, कर्नाटक, केरल में तेज बारिश होगी।