राज्यभर में हुई तेज बारिश, 4 दिनों तक रेड अलर्ट, 1 की मौत

बंगाल में मौसम का रौद्र रूप, 200 मिमी बारिश का अलर्ट
राज्यभर में हुई तेज बारिश, 4 दिनों तक रेड अलर्ट, 1 की मौत
Published on

सुबह से जारी बारिश ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार सुबह से ही कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलजमाव और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। वहीं उत्तर बंगाल में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कोलकाता के एमजी रोड, गिरिश पार्क, सेंट्रल एवेन्यू, कॉलेज स्ट्रीट, एमहर्स्ट स्ट्रीट, कैमक स्ट्रीट और साल्ट लेक सेक्टर-5 सहित कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। बारिश के कारण कार्यालय जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं और उत्तर भारत से गुजर रही निम्न दबाव रेखा के प्रभाव से राज्यभर में बारिश का दौर जारी है।

उत्तर बंगाल में रेड अलर्ट, बढ़ा बाढ़ का खतरा

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरदुआर, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भूटान और सिक्किम में हो रही लगातार बारिश के कारण तीस्ता, बालासन तथा अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कोलकाता, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व बर्दवान और पश्चिम मिदनापुर जिलों में भी अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई है। लगातार वर्षा के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-10 और पहाड़ी क्षेत्रों की अन्य सड़कों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। कई स्थानों पर मलबा गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है। दुधिया क्षेत्र में बालासन नदी पर बनी संरचना तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हुई है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है, हालांकि सप्ताहांत के बाद इसकी तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच अलीपुरदुआर जिले में एक बच्चे की मौत की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में शोक का माहौल है।

कहां कितनी हुई बारिश ?

इलाका - मिमी

साल्टलेक : 80 मिमी

हावड़ा : 61 मिमी

दमदम : 58 मिमी

बैरकपुर : 54 मिमी

बेहाला : 53 मिमी

अलीपुर : 43.6 मिमी

डायमंड हार्बर : 41 मिमी

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in