

सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : उत्तर 24 परगना के हालीशहर में धर्म परिवर्तन के बाद एक प्रेमी जोड़े ने विवाह किया। बलदेघाटा स्थित सिद्धेश्वरी काली मंदिर में तनुजा खातून और संजय कुमार साहू का विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान तनुजा ने अपना नाम बदलकर चित्रा साहू रख लिया। विश्व हिंदू परिषद की बैरकपुर जिला इकाई के पदाधिकारियों की मौजूदगी में विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।
संगठन से संपर्क कर मांगी थी मदद
मिली जानकारी के अनुसार, तनुजा खातून ने विश्व हिंदू परिषद की बैरकपुर जिला इकाई के पदाधिकारियों से संपर्क किया था। उन्होंने बताया था कि वह संजय कुमार साहू से प्रेम करती हैं और उनके साथ विवाह करना चाहती हैं। इसके बाद संगठन के सदस्यों ने विवाह कराने की पहल की। धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंदिर में विवाह समारोह आयोजित किया गया।
विवाह समारोह में संगठन के पदाधिकारी शामिल
इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद की बैरकपुर जिला इकाई के अध्यक्ष लाल मोहन पांडे, जिला धर्माचार्य प्रमुख सुब्रत चट्टोपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष अशोक चौधरी और सह-संपादक पवित्र देव सहित संगठन के कई सदस्य उपस्थित रहे। संगठन के प्रतिनिधियों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।