

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : गोयनका समाज की सात सौ वर्षों पुरानी गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और समाज की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से श्री शक्ति गोयनका ट्रस्ट ने गुरुवार को कोलकाता के हिंदुस्तान क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में 'गोयनका रिकग्निशन अवार्ड्स-2026' की औपचारिक घोषणा की। ट्रस्ट ने बताया कि आगामी 10 सितंबर को राजस्थान के फतेहपुर स्थित गोयनका मंदिर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश में शिक्षा, उद्योग, चिकित्सा, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गोयनका समाज के प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का संकल्प
प्रेस वार्ता की अध्यक्षता ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी सुशील गोयनका ने की। उन्होंने कहा कि गोयनका रिकग्निशन अवार्ड्स का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि उन प्रतिभाओं को पहचान दिलाना है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किए हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित मंच और सम्मान नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट समाज को जोड़ने, युवा पीढ़ी को प्रेरित करने तथा जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े रहने के अपने संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रहा है। उनके अनुसार यह सम्मान समाज में सकारात्मक सोच और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगा।
31 जुलाई तक होंगे ऑनलाइन नामांकन
गोयनका रिकग्निशन अवार्ड्स कमेटी के चेयरमैन सीए अरुण गोयनका ने बताया कि पुरस्कारों के लिए 31 जुलाई तक ऑनलाइन नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने समाज के योग्य लोगों से स्वयं अथवा किसी अन्य पात्र व्यक्ति का नामांकन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्राप्त सभी आवेदनों का विस्तृत सत्यापन, मूल्यांकन और विशेषज्ञ जूरी द्वारा निष्पक्ष परीक्षण किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम रूप से पुरस्कार विजेताओं का चयन होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी देश और विदेश से बड़ी संख्या में नामांकन प्राप्त होंगे।
700 वर्षों की विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने की पहल
ट्रस्ट के ट्रस्टी गिरधारी लाल गोयनका ने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि गोयनका समाज की उत्कृष्ट उपलब्धियों का उत्सव है। प्रत्येक सम्मानित व्यक्ति का चयन पूरी पारदर्शिता, गहन अध्ययन और सत्यापन के आधार पर किया जाता है, ताकि वास्तविक प्रतिभाओं को उचित पहचान मिल सके। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से आयोजित हो रहे इस सम्मान समारोह का उद्देश्य समाज की लगभग 700 वर्ष पुरानी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रेरित करना है। प्रेस वार्ता में इंद्रचंद गोयनका, संजय गोयनका, सुनील गोयनका, गोयनका समाज के अनेक गणमान्य सदस्य तथा पूर्व पुरस्कार विजेता भी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि 'गोयनका रिकग्निशन अवार्ड्स-2026' समाज की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।