शिर्डी साईं बाबा मंदिर से भक्तों के लिए खुशखबरी

गुंडागर्दी और अवैध वसूली पर पूरी तरह से रोक
शिर्डी साईं बाबा मंदिर से भक्तों के लिए खुशखबरी
Published on: 

नई दिल्ली - शिर्डी के साईं बाबा देवस्थान में आने वाले भक्तों के लिए खुशखबरी है।अहिल्यानगर में गौमांस की बिक्री और असामाजिक गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। यह जानकारी अहिल्यानगर के पालकमंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने दी। उन्होंने बताया कि शिर्डी स्थित साईं बाबा देवस्थान परिसर को गुंडागर्दी से मुक्त कर दिया गया है।

होटलों की मनमानी भी बंद कराई गई

पालकमंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने जानकारी दी कि जिले में सभी बूचड़खानों को बंद कर दिया गया है, और अब कहीं भी गोहत्या नहीं की जा रही। उन्होंने बताया कि पहले शिर्डी में गुंडों द्वारा भक्तों से लूटपाट की घटनाएं हो रही थीं। होटलों में अत्यधिक किराया वसूला जाता था, और दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली की जा रही थी। अब इस तरह की लूट को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।भक्तों की सुविधा के लिए ऐसी व्यवस्था लागू की गई है, जिससे उन्हें अब किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

टोकन के साथ ही कर पाऐंगे प्रवेश

साईं बाबा के महाप्रसाद में बाहरी लोगों की अनधिकृत पहुंच को पूरी तरह रोक दिया गया है। पहले ईंट भट्टी पर काम करने वाले और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग महाप्रसाद में प्रवेश कर जाते थे, लेकिन अब इस घुसपैठ को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। साईं बाबा के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को टोकन प्रणाली के तहत प्रवेश दिया जा रहा है। इस व्यवस्था के चलते, केवल साईं भक्तों को ही महाप्रसाद में शामिल होने की अनुमति मिल रही है, जिससे बाहरी लोगों का प्रवेश अब पूरी तरह से बंद हो गया है।

देवस्‍थान पर बनाया जाएगा थीम पार्क

साईं बाबा देवस्थान परिसर में किए गए सभी अवैध निर्माणों को पूरी तरह से हटा दिया गया है। पालकमंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने बताया कि साईं बाबा संस्थान में उनके जीवन और शिक्षाओं पर आधारित एक भव्य थीम पार्क बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह थीम पार्क जल्द ही शुरू किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु साईं बाबा के संदेशों को और गहराई से समझ सकें।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in