

अहमदाबाद : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि जनता के सक्रिय सहयोग के बिना केवल सरकारों के प्रयासों से मादक पदार्थों की समस्या खत्म नहीं की जा सकती और उन्होंने लोगों से विशेष हेल्पलाइन नंबरों के जरिये अधिकारियों को नशीले पदार्थों के सेवन और बिक्री की सूचना देने की अपील की।
शाह ने यहां 1,024 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को नशामुक्त बनाने के लिए 31 दिसंबर 2029 की समयसीमा तय की गयी है, लेकिन गुजरात को 31 दिसंबर 2028 तक ही यह लक्ष्य हासिल कर लेने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन हमारे युवाओं और भावी पीढ़ियों को खोखला कर देता है। यह युवाओं के मस्तिष्क, शरीर, सोचने-समझने की क्षमता और इंद्रियों को नुकसान पहुंचाकर देश के भविष्य को कमजोर करता है।
इसके अलावा मादक पदार्थों के कारोबार से होने वाली कमाई का इस्तेमाल देश में आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए किया जाता है। उन्होंने लोगों से मादक पदार्थों की बिक्री के मामलों की सूचना अधिकारियों को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार देश को नक्सलवाद से मुक्त कराने में सफल रही है, लेकिन अब भी वह निष्क्रिय नहीं बैठ सकती।
गृहमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य 31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त भारत बनाना है। चूंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मैं, दोनों गुजरात से हैं, इसलिए हमें 2029 तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है। यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि गुजरात 31 दिसंबर 2028 से काफी पहले नशामुक्त हो जाये। शाह ने इस बात पर जोर दिया कि देश को नशामुक्त बनाना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।