गारुलिया में पूर्व विधायक के करीबी की पीट-पीटकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

Garulia Murder Case: Ex-MLA's Associate Killed Over Drinking Dispute, 3 Arrested
मृतक शेखर चौधरी का फाइल फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : बैरकपुर अंतर्गत नोआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के गारुलिया में पूर्व विधायक सुनील सिंह के सहायक शेखर चौधरी उर्फ बंटी (30) की ईंटों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्लब के पास शराब पीने का विरोध करने पर हमला

मृतक शेखर चौधरी गारुलिया पालिका क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके घर के पास स्थित एक क्लब के पास कुछ युवक शराब पी रहे थे और नशीले पदार्थों की बिक्री में शामिल थे। जब शेखर ने इस असामाजिक गतिविधि का प्रतिवाद किया, तो कहासुनी हाथापाई में बदल गई। इसके बाद आरोपियों ने ईंट से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। कोलकाता के अस्पताल में तीन दिनों तक चले इलाज के दौरान शेखर ने दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही पूर्व विधायक सुनील सिंह और नोआपाड़ा के विधायक व राज्य मंत्री अर्जुन सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 3 आरोपी गिरफ्तार

घटना की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। नोआपाड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों—विकी चौधरी, अमन चौधरी और पिंटू चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इन तीनों के खिलाफ थाने में पहले से भी मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हत्या केवल तात्कालिक विवाद का नतीजा थी या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in