डोमजूड़ ग्रामीण अस्पताल में बार-बार होती है बिजली गुल, परेशान होते हैं मरीज

Frequent Power Cuts at Domjur Rural Hospital Leave Patients Distressed
फाइल फोटो REP
Published on

 निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : डोमजूड़ ग्रामीण अस्पताल के पुराने मुख्य भवन में बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। हाल ही में कई बार बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद अस्पताल परिसर में चिंता और असंतोष का माहौल बन गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली कटने के कारण अस्पताल के पुराने भवन का बड़ा हिस्सा अंधेरे में डूब गया था। भर्ती मरीजों के परिजनों ने बताया कि हर बार कुछ समय के लिए बिजली चली जाती थी और फिर काफी देर बाद आपूर्ति बहाल होती थी। इससे मरीजों और उनके परिवारों के बीच भय और असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस समस्या के लिए बिजली वितरण कंपनी जिम्मेदार नहीं है।

विद्युत व्यवस्था का नवीनीकरण है जरूरी       

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल के पुराने भवन की जर्जर विद्युत वायरिंग और पुराने ढांचे में तकनीकी खामियां बार-बार परेशानी का कारण बन रही हैं। कई स्थानों पर वायरिंग में खराबी पायी जाने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर मरम्मत कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति रोकनी पड़ रही है। जिला स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि डोमजूड़ अस्पताल के पुराने भवन की संपूर्ण विद्युत व्यवस्था को नये सिरे से तैयार करने की योजना बनाई गई है। अस्पताल प्रशासन ने इस विषय को स्वास्थ्य विभाग के समक्ष उठाया है और जल्द ही व्यापक सुधार कार्य शुरू होने की उम्मीद है। राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने की पहल के तहत डोमजूड़ ग्रामीण अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं को भी आधुनिक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in