टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के डिब्बों में लगी आग, एसी बोगी की यात्री की मौत

आंध्र प्रदेश में यालामंचिली के पास टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो डिब्बों में आग लग जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के डिब्बों में लगी आग, एसी बोगी की यात्री की मौत
Published on: 

विशाखापत्तनमः आंध्र प्रदेश में यालामंचिली के पास टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो डिब्बों में आग लग जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि उन्हें आग लगने की सूचना रात 12 बजकर 45 मिनट पर मिली। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि प्रभावित डिब्बों में से एक में 82 और दूसरे में 76 यात्री सवार थे।

उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से, बी-1 कोच से एक शव मिला।’’ मृतक की पहचान चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में की गई है। अधिकारी ने बताया कि क्षतिग्रस्त दोनों डिब्बों को ट्रेन से अलग कर दिया गया, जिसके बाद ट्रेन एर्नाकुलम की ओर रवाना हो गई। प्रभावित डिब्बों के यात्रियों को उनके गंतव्यों तक भेजने की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने बताया कि दो फॉरेंसिक टीम आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही हैं।

आग प्रभावित डिब्बों को ट्रेन से हटाया गया

दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) ने एक बयान में बताया कि ट्रेन संख्या 18189 के बी-1 और एम-2 डिब्बे में आग लग गई। रेलवे कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दमकल विभाग को तत्काल सूचना दी। बयान के अनुसार, रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को ट्रेन से सुरक्षित उतरने में सहायता की। इसमें बताया गया कि दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने आग पर काबू पाया। एससीआर ने बताया कि प्रभावित दोनों डिब्बों के साथ एक अतिरिक्त ‘एसी थ्री-टियर कोच’ (एम-1) को भी एहतियात के तौर पर ट्रेन से अलग कर दिया गया है। शेष डिब्बों को फिलहाल सामलकोट रेलवे स्टेशन ले जाया जा रहा है, जहां ट्रेन में तीन डिब्बे जोड़े जाएंगे।

टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के डिब्बों में लगी आग, एसी बोगी की यात्री की मौत
अमित शाह का 3 दिवसीय बंगाल दौरा

रेल यात्रियों को बसों से सामलकोट स्टेशन भेजा गया

रेलवे ने बताया कि प्रभावित डिब्बों के यात्रियों को बसों की व्यवस्था कर सामलकोट स्टेशन भेजा जा रहा है। बयान में कहा गया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने और नुकसान का आकलन करने के लिए रेल सुरक्षा आयुक्त तथा एससीआर के अन्य वरिष्ठ अधिकारी फॉरेंसिक और चिकित्सकीय दलों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। एससीआर ने बताया कि स्थानीय प्रशासन के समन्वय से सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही यात्रियों की सहायता और ट्रेन परिचालन संबंधी जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in