लखनऊ आग में 15 की मौत, पीएम ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख, घायलों को 50 हजार मुआवजे का ऐलान

अलीगंज कोचिंग सेंटर में आग से मचा हाहाकार, राहत-बचाव जारी, घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कर प्रशासन अलर्ट मोड पर, मुख्य मंत्री ने अपना दौरा रद्द क‍िया
Fire
लखनऊ कोचिंग सेंटर में भीषण आग: 15 की मौत
Published on

राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को हुई भीषण आग की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिसमें 3 महिलाएं हैं। मृतकों की उम्र 20 से 24 साल के बीच बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।  पीएम मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान क‍िया है। वहीं, घायलों को 50,000 रुपये दिए जाने की घोषणा की है। पीएम मोदी ने घायलों के जल्‍द से जल्‍द ठीक होने की प्रार्थना की है।

घायलों को केजीएमयू ट्रामा सेंटर भेजा गया है। ड‍िप्‍टी सीएम ब्रजेश पाठक, डीजीपी राजीव कृष्णा, एसीएस होम संजय प्रसाद समेत कई अधि‍कारी मौके पर मौजूद हैं। केजीएमयू ट्राॅमा सेंटर इंचार्ज प्रेम राज सिंह ने बताया कि 22 लोगों को यहां लाया गया था। 15 डेड बॉडी आई थीं। उन्‍होंने बताया क‍ि घायलों की हालत स्थिर है। 

मुख्य मंत्री ने अपना दौरा रद्द क‍िया

मुख्यमंत्री योगी ने अपना दौरा रद्द कर द‍िया है। उन्‍होंने कहा, ''मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं, लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है, अभी अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है, उसकी चपेट में कुछ बच्चे आये हैं, उनकी दुखद मौत हुई है, इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है, जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।''

सीएम ने कहा क‍ि इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, मैं स्वयं भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं, जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा भी दे सकें और उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें। 

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "अभी ऊपरी मंजिल पर कोई नहीं है। पहली मंजिल की दीवार तोड़कर कर्मचारी अंदर गए हैं, धुआं अधिक है। एक-एक कमरे की जांच की जा रही है। हमारी प्राथमिकता है कि सभी बच्चों को सुरक्षित निकाला जाए। प्रशासन और चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े सभी लोगों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एंबुलेंस मौके पर हैं।"

अधिकारियों के अनुसार ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर एनिमेशन सेंटर संचालित था, जहां कर्मचारी काम कर रहे थे। 

शुरुआत में इस घटना को कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी से जोड़कर देखा गया, लेकिन बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इमारत में न तो कोई कोचिंग सेंटर संचालित था और न ही कोई लाइब्रेरी चल रही थी। अधिकारियों के अनुसार ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर एनिमेशन सेंटर संचालित था, जहां कर्मचारी काम कर रहे थे। 

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in