

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : बैटरी उत्पादक प्रमुख कंपनी एक्साइड इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड की श्यामनगर यूनिट के कर्मचारियों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। कंपनी प्रबंधन ने वर्षों से कार्यरत 125 कैजुअल (अस्थाई) कर्मचारियों को परमानेंट (स्थाई) करते हुए उन्हें इससे संबंधित आधिकारिक दस्तावेज सौंप दिए। नियुक्ति पत्र मिलते ही कर्मचारियों और उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी।
दस्तावेज मिलने के बाद कर्मचारियों ने जताया आभार
कर्मचारी यूनियन की ओर से रमेश यादव ने बताया कि श्रमिकों के अधिकारों को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही थी। उन्होंने कहा कि श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह के लगातार प्रयासों और सहयोग के कारण ही यह संभव हो पाया है। प्रबंधन ने उनकी मांगों पर विचार करते हुए 125 कैजुअल कर्मियों को स्थाई करने का निर्णय लिया और मंगलवार को सभी प्रक्रियाएं पूरी कीं। लंबे समय से अपनी नौकरियों के स्थायीकरण का इंतजार कर रहे कर्मचारियों ने इस फैसले पर खुशी जाहिर की है।