

त्रिशूरः केरल में त्रिशूर जिले के वेल्लारक्कड इलाके में कथित रूप से एक आवारा कुत्ते द्वारा 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर घातक हमला किए जाने की घटना से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने उस कुत्ते को मार डाला।
पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग महिला कार्थियानी चल-फिर नहीं सकती थीं और बिस्तर पर थीं और उनके बेटे देवदासन भी स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित हैं। इन दोनों पर बृहस्पतिवार शाम को कुत्ते ने हमला कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उसने बताया कि घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने आवारा कुत्ते की तलाश की और बृहस्पतिवार रात दो बजे उसे ढूंढ निकाला तथा उसे जान से मार दिया।
पशु चिकित्सक कुत्ते के शव की जांच करेंगे और यह पता लगाएंगे कि कहीं उसे रैबीज तो नहीं था। पुलिस ने बताया कि कार्थियानी के अलावा, कुत्ते ने आसपास के तीन लोगों और तीन अन्य कुत्तों पर भी हमला किया था। इस बीच, एरुमापेट्टी पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना के संबंध में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया। कार्थियानी का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
पुलिस ने बताया कि देवदासन को शुक्रवार सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना का पता तब चला जब कार्थियानी का दूसरा बेटा मणि, रात को खाना लेकर घर पहुंचा। पुलिस ने बताया कि मणि ने देवदासन को गंभीर रूप से घायल पाया जबकि कार्थियानी अपने शयनकक्ष में खून से लथपथ पड़ी थीं। पुलिस ने बताया कि दोनों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने बुजुर्ग महिला को मृत घोषित कर दिया।