

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मिडिल-ईस्ट में युद्ध की स्थिति के कारण एलपीजी सिलिंडरों की कीमतों में वृद्धि के बाद घरेलू उपभोक्ताओं में घबराहट है। घर-घर में महिलाओं में चिंता की स्थिति बनी हुई है। अगर अचानक रसोई गैस खत्म हो जायेगी तो फिर खाना कैसे पकेगा। खासकर बुकिंग संबंधी कई तरह की परेशानियों का भी लोग शिकायत कर रहे हैं। परिणामस्वरूप कोलकाता के विभिन्न हिस्सों और सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी सहित अन्य शहरों में गैस एजेंसी कार्यालयों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं। रसोई गैस की मांग बढ़ गई है। ग्राहकों में कई तरह की जिज्ञासा देखी जा रही है। बुधवार को रसोई गैस एजेंसियों के कार्यालयों और ऑटो के लिए एलपीजी गैस भरवाने वाले केंद्रों पर लंबी कतारें नजर आईं।
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अधिकारियों ने यह कहा
‘पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन’ के अधिकारियों ने कहा कि राज्य भर के सभी ‘फिलिंग स्टेशनों’ पर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सामान्य रही। इसके अलावा उन्होंने कुछ नहीं कहा है। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरों ने कहा कि उन्हें इस समय ‘दो-सिलिंडर’ गैस कनेक्शन जारी न करने के निर्देश मिले हैं और संकट के कारण आपूर्ति धीमी है। कोलकाता में एलपीजी से चलने वाले ज्यादातर ऑटो-रिक्शों की लंबी कतारें वितरण केंद्रों के बाहर देखी गईं। इस बीच चालकों ने शिकायत की कि उन्हें ईंधन लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
गैस को लेकर महिलाओं की चिंता बढ़ी
हावड़ा के गुलमोहर मैदान की रहने वाली ऋतिका तिवारी ने कहा कि एक सिलिंडर महीनाभर भी नहीं चल पाता है। अब यह चिंता है कि कैसे आगे का दिन चलेगा। एक ही उपाय नजर आ रहा है कि इंडक्शन पर ही खाने के कुछ आइटम बनाये जायें। मगर यह भी एक दुविधा है इंडक्शन पर खाना बनाने का बर्तन अलग होता है। इससे खर्च भी बढ़ेगा। घर के बजट पर भी असर पड़ेगा।
‘नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ ने यह कहा
‘नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ के कोलकाता चैप्टर के प्रमुख पीयूष कांकरिया ने कहा कि बुधवार से शहर भर के भोजनालयों में खाना पकाने की गैस की आपूर्ति पूरी तरह से बंद कर दी गई है। वहीं सड़क किनारे स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों के मालिकों ने दावा किया कि उन्हें रसोई गैस सिलिंडर खुदरा मूल्य से लगभग दोगुने दाम पर खरीदने पड़ रहे हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा है कि मौजूदा भू-राजनीतिक व्यवधानों को देखते हुए उसने तेल रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं।