

नई दिल्ली - चीन के डॉक्टरों ने मेडिकल क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, जिसे चमत्कार कहा जा सकता है। उन्होंने पहली बार आनुवंशिक रूप से संशोधित सुअर का लिवर एक ब्रेन डेड व्यक्ति में सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया है। इस प्रत्यारोपण से भविष्य में रोगियों के इलाज में मदद मिलने की उम्मीद है। पिछले कुछ वर्षों में, सुअर को इंसानों के लिए अंग दाता के रूप में सबसे उपयुक्त माना गया है। हाल ही में, अमेरिकी डॉक्टरों ने भी सुअर के किडनी और दिल को इंसानों में प्रत्यारोपित करने में सफलता हासिल की है।
पहली बार किया गया ऐसा
चीन के शीआन में सैन्य चिकित्सा विश्वविद्यालय के डॉक्टरों ने नेचर पत्रिका में प्रकाशित एक अध्ययन में इस सफलता के बारे में जानकारी दी है। सुअर के लिवर का इस तरह का परीक्षण मानव शरीर में पहले कभी नहीं किया गया था। इस प्रत्यारोपण के बाद, शोधकर्ताओं को उम्मीद है कि जीन-सम्पादित सुअर गंभीर रूप से बीमार रोगियों को कम से कम अस्थायी राहत प्रदान कर सकते हैं।
10 मार्च 2024 को किया गया था प्रत्यारोपन
जानकारी के अनुसार, 10 मार्च 2024 को एक छोटे सुअर का लिवर ब्रेन डेड वयस्क व्यक्ति में प्रत्यारोपित किया गया था। इस लिवर को सुधारने के लिए जीन में संशोधन किया गया था। डॉक्टरों ने बताया कि परिवार के अनुरोध पर 10 दिनों बाद परीक्षण को समाप्त कर दिया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने रोगी का नाम, लिंग और अन्य व्यक्तिगत विवरण साझा नहीं किए हैं।
क्या कहा डॉक्टर ने
अस्पताल से जुड़े लिन वांग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सुअर का लिवर 'बहुत अच्छे से काम कर रहा था' और 'सहज तरीके से पित्त का उत्पादन कर रहा था।' इसके साथ ही, यह प्रमुख प्रोटीन एल्ब्यूमिन का भी उत्पादन कर रहा था। उन्होंने इसे 'एक बड़ी सफलता' करार दिया, जो भविष्य में लिवर संबंधी समस्याओं वाले मरीजों के इलाज में सहायक हो सकती है।