

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पूर्वी भारत की सबसे बड़ी नेत्र चिकित्सा श्रृंखला दिशा आई हॉस्पिटल द्वारा स्थापित प्रतिष्ठित दिशा सम्मान 2025 का आठवां संस्करण सोमवार को विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित हुआ। इस सम्मान का उद्देश्य उन व्यक्तियों और संस्थाओं को पहचान देना है, जो दृष्टिबाधित लोगों के उत्थान और प्रेरणा के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। इस वर्ष के विजेताओं में भारतीय सेना के एकमात्र दृष्टिहीन अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल द्वारकेश, पूर्वी रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी परीतोष विश्वास और ब्लाइंड एंड पैरा जूडो एसोसिएशन ऑफ बंगाल शामिल हैं।
लेफ्टिनेंट कर्नल द्वारकेश
युवाओं के लिए प्रेरक आइकन इंदौर में तैनात भारतीय सेना के अधिकारी द्वारकेश ने ड्यूटी के दौरान अपनी दृष्टि खो दी, लेकिन हौसले को कभी नहीं। उन्होंने पैरा शूटिंग, स्विमिंग और पर्वतारोहण में कई विश्व रिकॉर्ड बनाए और 16,000 फीट ऊंचे सियाचिन ग्लेशियर तक पहुंचकर अदम्य साहस का परिचय दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2021 में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उनके साहस को विशेष रूप से सराहा था। दिशा सम्मान में उन्हें “यूथ आइकन” के रूप में सम्मानित किया गया।
सेवा की मिसाल
नैहाटी निवासी और पूर्वी रेलवे, सियालदह डिविजन के वाणिज्यिक पर्यवेक्षक परीतोष विश्वास दृष्टिहीन होने के बावजूद यात्रियों के लिए मार्गदर्शक आवाज बने हुए हैं। 36 वर्षों से अधिक की सेवा में उन्होंने हजारों यात्रियों को सही प्लेटफॉर्म और ट्रेन की जानकारी देकर अपनी अद्भुत कार्यक्षमता और समर्पण का परिचय दिया। उन्हें “इंस्पिरेशनल सर्विस” श्रेणी में सम्मानित किया गया।
खेलों में अदम्य आत्मविश्वास
2014 में स्थापित इस संस्था ने हजारों दृष्टिबाधित किशोरों और युवाओं को जूडो, कराटे और मार्शल आर्ट्स जैसी लड़ाकू खेलों में प्रशिक्षित कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता बनाया है। संस्था के अध्यक्ष अमित कुमार चौरासिया ने कहा कि यह पुरस्कार हमें और अधिक युवाओं को अवसर देने के लिए प्रेरित करता है।
असली दृष्टि है हौसला
दिशा आई हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. देबाशीष भट्टाचार्य ने कहा, “दिशा सम्मान यह संदेश देता है कि असली दृष्टि केवल आंखों से देखने में नहीं, बल्कि जीवन की चुनौतियों को साहस में बदलने की क्षमता में है।” विजेताओं को शील्ड और एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। दिशा सम्मान 2018 से लगातार ऐसे योद्धाओं की कहानियों को उजागर कर रहा है, जो सीमाओं को तोड़कर समाज को नई दिशा दिखा रहे हैं।