

नई दिल्लीः निर्माता-निर्देशक आदित्य धर की फिल्म धुरंधर ने तो भारतीय बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया ही था, अब यह फिल्म पाकिस्तान में भी धमाल मचा रही है। नेटफिलिक्स पर यह फिल्म पाकिस्तान में दिखाई जा रही और वहां वह छायी हुई है। नेटफिलिक्स पर धुरंधर नंबर 1 ट्रेंड कर रही है।
धुरंधर भारत में पांच दिसंबर को रिलीज हुई थी और तब से लेकर पिछले सप्ताह तक यह सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बनी रही। फिल्म ने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है और बॉलीवुड के इतिहास में यह आमिर खान की दंगल के बाद दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गयी है। इतना ही नहीं, हिंदी फिल्म के तौर पर धुरंधर ने भारत में सबसे अधिक कमाई करने का रिकॉर्ड पुष्पा2 को पछाड़ते हुए बनाया है।
बहरहाल पाकिस्तान में धुरंधर लोगों को खूब पसंद आ रही है। पिछले शुक्रवार को यह फिल्म नेटफिलिक्स पर रिलीज हुई थी। शनिवार से अब तक धुरंधर पाकिस्तान में नंबर 1 बन हुई है। जबकि दूसरे नंबर पर तेरे इश्क में हैं। और उसके बाद हक है। धुरंधर न तो पाकिस्तान और न ही खाड़ी देशों में रिलीज हुई थी।
सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म
धुरंधर ने भारत के छोड़कर विश्वभर में अभी तक 33 मीलियन अमेरिकी डॉलर की कमाई कर ली है। अमेरिक में यह सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गयी है। लेकिन खाड़ी के देशों में, जहां लाखों हिंदुस्तानी और पाकिस्तानी रहते हैं, रिलीज नहीं हुई थी। माना जा रहा है कि इससे धुरंधर के निर्माताओं को करीब 10 मीलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। धुरंधर में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल सिंह, सारा अर्जुन, आर माधवन, राकेश बेदी आदि प्रमुख कलाकार हैं जिन्होंने अपने अभिनय से अमिट छाप छोड़ी है।
दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया
धुरंधर में पाकिस्तान के कराची शहर के ल्यारी इलाके के गैंगस्टर-पुलिस-नेता की सांठगांठ की कहानी है, जिस वजह से फिल्म के रिलीज के बाद से ही पाकिस्तान में खासी चर्चा रही है। अब धुरंधर देखने के बाद फिल्म के प्रति पाकिस्तान के सिनेमा प्रेमियों की अच्छी प्रतिक्रिया आ रही है। एक पाकिस्तानी ने लिखा है कि मैंने धुरंधर के रूप में अब तक सबसे अच्छी बॉलीवुड फिल्म देखी है। इसमें किसी तरह का अतिरिक्त दिखावा नहीं है। इसमें पाकिस्तान के बारे में बुराई भी नहीं है जैसा कि कहा गया। वहीं दूसरे लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया में धुरंधर को अच्छी फिल्म बतायी है। एक दर्शक ने फरमाइस की है कि धुरंधर 2 में एसपी असलम को बुरा न दिखाया जाए।