

लॉरेंसविलेः अटलांटा के उपनगरीय इलाके पर स्थित एक होटल में एक व्यक्ति ने पूछताछ के लिए पहुंची पुलिस पर रविवार को कथित तौर पर गोली चला दी, जिससे एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्विनेट काउंटी पुलिस प्रमुख जेडी मैक्लुर ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान बताया कि गोलीबारी के संदिग्ध को भी एक अधिकारी ने गोली मार दी थी और उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस प्रमुख ने बताया कि अटलांटा से करीब 40 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्टोन माउंटेन के पास रविवार सुबह यह घटना हुई।
प्रमुख के अनुसार, एक व्यक्ति ने फोन पर बताया कि होटल में कमरा लेने के लिए एक व्यक्ति ‘धोखाधड़ी या जालसाजी’ का सहारा ले रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस को होटल भेजा गया। उन्होंने बताया कि संदिग्ध ने पुलिस को अपने कमरे के अंदर आने के लिए कहा।
मैक्लुर ने कहा, ‘‘उन्होंने उससे घटना पर चर्चा शुरू की, जिसके कुछ समय बाद संदिग्ध ने एक बंदूक निकाली और बिना किसी उकसावे के हमारे ग्विनेट काउंटी पुलिस अधिकारियों पर गोली चला दी।’’ मैक्लुर ने बताया कि अधिकारी - प्रदीप तमांग (25) की अस्पताल में मौत हो गई। नेपाल के मूल निवासी तमांग पिछले साल ही पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे।
पुलिस प्रमुख ने बताया कि अधिकारी डेविड रीड को रविवार दोपहर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। मैक्लुर ने गोलीबारी के संदिग्ध की पहचान केविन एंड्रयूज (35) के रूप में की।