दिल्ली में एक परिवार के 9 सदस्य जिंदा जले

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से एक बुजुर्ग महिला और उनकी तीन पोतियों समेत एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई।
आग बुझाने की कोशिश में लगे दमकलकर्मी।
आग बुझाने की कोशिश में लगे दमकलकर्मी।
Published on

नई दिल्लीः दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से एक बुजुर्ग महिला और उनकी तीन पोतियों समेत एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई। महिला की एक पोती की उम्र मात्र तीन साल थी।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में तीन लोग घायल हो गए जिनमें से दो लोगों ने आग से बचने के लिए इमारत से छलांग लगाई थी। यह इमारत पालम मेट्रो स्टेशन के पास राम चौक मार्केट में है। इमारत के ‘बेसमेंट’, भूतल और पहली मंजिल पर कपड़े तथा सौंदर्य प्रसाधन का शोरूम था, जबकि शोरूम के मालिक राजेंद्र कश्यप का परिवार दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहता था।

पड़ोसियों ने बताया कि आग शुरू में पहली मंजिल पर लगी थी लेकिन तेजी से फैल गई। संभवतः दुकान में मौजूद अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ इत्र और अन्य सौंदर्य उत्पादों के कारण आग फैली। स्थानीय बाजार संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र अपनी पत्नी, पांच बेटों, एक बेटी, चार बहुओं और सात पोते-पोतियों के साथ उस इमारत में रहते थे। अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय घर में परिवार के कई सदस्य मौजूद नहीं थे। कश्यप गोवा में थे, जबकि उनका एक बेटा और उसका परिवार छुट्टी मनाने बाहर गए हुए थे।

मृतकों की पहचान राजेंद्र की पत्नी लाडो (70), उनके बेटे प्रवेश (33) और कमल (39), कमल की पत्नी आशु (35) और उनकी तीन बेटियों के रूप में हुई। उनकी तीन बेटियों की उम्र 15, छह और तीन साल थी। पुलिस ने बताया कि लाडो की बेटी हिमांशी (22) और बहू दीपिका (28) की भी इस अग्निकांड में मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि राजेन्द्र और लाडो का बेटा अनिल (32) अपनी दो साल की बेटी को तीसरी मंजिल पर सीढ़ी से उतारने की कोशिश कर रहा था, तभी वह नीचे गिर गई। इसके तुरंत बाद उसने खुद भी छलांग लगा दी। इस घटना में वह दोनों घायल हो गए, जिनका इलाज किया जा रहा है। आग से बचने के लिए पास की एक इमारत में कूदा सचिन (29) भी घायल हो गया और उसका सफदरजंग अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। सचिन लगभग 25 प्रतिशत झुलस चुका है।

पालम गांव थाने को सुबह सात बजकर चार मिनट पर इमारत में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एक व्यापक अग्निशमन और बचाव अभियान के तहत पुलिस, बीएसईएस, वायुसेना पुलिस और एनडीआरएफ के कर्मियों के साथ लगभग 30 दमकल गाड़ियां और 11 एम्बुलेंस सेवा में लगाई गईं हैं। घटनास्थल से प्राप्त दृश्यों में देखा जा सकता है कि इमारत से काले धुएं के घने गुबार उठ रहे हैं, जबकि आग की लपटों ने इमारत के कुछ हिस्सों को अपनी चपेट में लिया है। ऐसे में अग्निशमन दल को भीड़ वाले बाजार क्षेत्र में आग बुझाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। अपराह्न करीब दो बजकर 20 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया और उसके बाद शीतलन अभियान शुरू किया गया।

पुलिस ने बताया कि इलाके में घेराबंदी कर दी गई है और घटनास्थल का मुआयना करने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है और जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी गुरपाल सिंह ने बताया कि आग सुबह करीब छह बजकर 15 मिनट पर लगी। उन्होंने बताया कि दुकान में एक ब्यूटी पार्लर भी था जिसमें बड़ी मात्रा में सौंदर्य प्रसाधन उत्पाद रखे थे, इसलिए आग तेजी से फैल गई।

आग बुझाने की कोशिश में लगे दमकलकर्मी।
चार्जिंग के दौरान कार में विस्फोट, आग ने ली 8 जिंदगियां

डीएफएस के अनुसार, इमारत में एक ‘बेसमेंट’ और पांच मंजिलें थीं, जिसकी छत पर एक अस्थायी टीन की शेड बनी हुई थी। ‘बेसमेंट’, भूतल और पहली मंजिल का उपयोग कपड़े तथा सौंदर्य प्रसाधनों के भंडारण के लिए किया जा रहा था, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल आवासीय इकाइयां थीं। अधिकारियों ने बताया कि खबर लिखे जाने तक शीतलन अभियान जारी था, जबकि टीम परिसर की तलाशी में लगी हुई थीं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए।

ऑनलाइन प्रसारित हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग इमारत के पास की संकरी गलियों में इकट्ठा है, जबकि दमकलकर्मी पाइप और सीढ़ियों का उपयोग करके आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in