

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के दत्तोपुकुर थाना अंतर्गत निलगंज इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक के घर से लाखों रुपए का सोना बरामद किया है। निलगंज फाड़ी और अशोकनगर थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से दशमी की सुबह गुमा शांतिनगर स्थित जय चक्रवर्ती (24) के आवास पर छापेमारी की। पुलिस की इस अचानक हुई तलाशी के दौरान घर से दो सोने के बिस्कुट बरामद किए गए। जब्त किए गए सोने का कुल वजन 200 ग्राम है, जिसकी मौजूदा अनुमानित बाजार कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है। अवैध रूप से सोना तस्करी के पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी जय चक्रवर्ती को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
बरामद सोने के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपी को गुरुवार को बारसात अदालत में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद न्यायाधीश ने उसे पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। दत्तकपुर थाने के जांच अधिकारी अब आरोपी को रिमांड पर लेकर लगातार पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह कीमती सोना कहां से लाया गया था और इसे तस्करी करके कहां भेजने की योजना बनाई जा रही थी। इस अवैध सोने के कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका सुराग लगाने के लिए पुलिस अन्य संभावित ठिकानों पर भी नजर बनाए हुए है।