

तिरुवनंतपुरम : मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के कई साल पहले केरलम के लोक निर्माण विभाग में सचिव रहने के दौरान एक सड़क परियोजना में हुए कथित भ्रष्टाचार की प्रारंभिक जांच के सिलसिले में ठेकेदार वी ओ साजन सोमवार को यहां सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (VACB) के समक्ष पेश हुए।
कोल्लम जिले के चदयमंगलम निवासी साजन यहां मुत्तथरा स्थित सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के कार्यालय पहुंचे। साजन ने कार्यालय में प्रवेश करने से पहले पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि मामले की पिछली जांच पर्याप्त नहीं थी और उस दौरान कुमार के पक्ष में बयान दर्ज किये गये, जबकि उनकी कथित संलिप्तता की ओर इशारा करने वाले महत्वपूर्ण सबूतों की अनदेखी की गयी।
उन्होंने दावा किया कि पर्याप्त जानकारी उपलब्ध है। हालांकि शुरुआती चरण में विस्तृत जांच नहीं की गयी जिसके कारण ज्ञानेश कुमार को मामले में अभियुक्त नहीं बनाया गया। साजन ने आरोप लगाया कि परियोजना से जुड़ी कंपनी के तत्कालीन मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक के शुरुआती बयान में कुमार की संलिप्तता का संकेत मिला था लेकिन चार महीने बाद उस अधिकारी को फिर से बुलाया गया और धमकी दी गयी कि यदि उसने अपने बयान से कुमार का नाम नहीं हटाया, तो उसके बिलों के भुगतान की मंजूरी में मुश्किलें पैदा की जायेंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरा बयान दबाव डालकर दर्ज कराया गया, जिसके कारण कुमार का नाम हटा दिया गया।