‘भारत के खिलाफ शत्रुतापूर्ण हरकतों के बावजूद शी जिनपिंग से हाथ मिला रहे मोदी’

modi
Published on: 

नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बैठक को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने रविवार को तंज कसा कि चीन, भारत के खिलाफ लगातार शत्रुतापूर्ण हरकतें करता रहा है लेकिन इसके बाद भी प्रधानमंत्री मोदी उनसे हंसते हुए हाथ मिला रहे हैं।

कांग्रेस ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में चीन ने पाकिस्तान की मदद की यह जगजाहिर है लेकिन इसके बाद भी मोदी वहां का दौरा कर रहे हैं। कांग्रेस के ऑफिशियल हैंडल पर मोदी और जिनपिंग की हाथ मिलाने का एक वीडियो पोस्ट किया गया। इसके कैप्शन में लिखा- चीन ने गलवान घाटी में हमारे 20 जांबाज सैनिकों की जान ले ली। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के वक्त चीन खुलकर पाकिस्तान का साथ दे रहा था, यहां तक कि उन्होंने पाकिस्तान को लाइव अपडेट भी दिए थे।

मुस्कुराते हुए जिनपिंग से हाथ मिलाया

चीन की इन नापाक हरकतों के बदले में पीएम मोदी ने बहुत ही सख्त कदम उठाया। मुस्कराते हुए चीनी राष्ट्रपति से हाथ मिलाया। इतना ही नहीं कांग्रेस के हैंडल से गलवान घाटी में झड़प के दौरान शहीद हुए भारतीय जवानों की एक तस्वीर भी पोस्ट की और उसके कैप्शन में उन सभी सैनिकों के नाम को भी लिखा।

कांग्रेस के ऑफिशियल हैंडल के अलावा पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने भी सोशल मीडिया के जरिये मोदी पर हमला बोला। उन्होंने चीन की तरफ से बनाये जा रहे बड़े बांध के निर्माण और दोनों देशों के बीच में बढ़ते व्यापार घाटे का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने कहा कि चीन ने यारलुंग त्संगपो पर एक विशाल बांध परियोजना की घोषणा की है, जिसके हमारे उत्तर-पूर्वी राज्यों पर बेहद गंभीर प्रभाव पड़ेंगे लेकिन मोदी सरकार की तरफ से इस मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं बोला गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News